खास बातें
- पिछले दो सत्रों में 356 अंक टूट चुका सेंसेक्स 309.77 अंक की गिरावट के साथ 18,411.62 अंक पर बंद हुआ।
मुंबई: औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर में नरमी आने और इनफोसिस के अनुमान से कम तिमाही परिणाम के बीच फंड की बिकवाली से बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 310 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ। पिछले दो सत्रों में 356 अंक टूट चुका सेंसेक्स 309.77 अंक की गिरावट के साथ 18,411.62 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले सेंसेक्स ने यह स्तर 27 जून को देखा था। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 89.95 अंक की गिरावट के साथ 5,526.15 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय निफ्टी 5,500 के स्तर से नीचे आ गया था। आईटी, प्रौद्योगिकी, रीयल्टी, कैपिटल गुड्स और ऑटो शेयरों पर बिकवाली दबाव रहा। मई में औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर घटकर 5.6 प्रतिशत पर आ गई जो बीते साल की इसी अवधि में 8.5 प्रतिशत थी। वहीं, यूरो ऋण संकट यूरोप के अन्य देशों में फैलने की आशंका के बीच यूरोपीय शेयर बाजारों के गिरावट के साथ खुलने और एशियाई बाजारों में कमजोर रुख रहने से भी घरेलू बाजार की धारणा कमजोर हुई।