यह ख़बर 25 जून, 2011 को प्रकाशित हुई थी

तेल में गिरावट से सेंसेक्स, निफ्टी में रही बढ़त

खास बातें

  • देश के शेयर बाजारों के प्रमुख सूचकांक शुरुआती दिनों की गिरावट का असर कम करते हुए इस सप्ताह बढ़त के साथ बंद हुए।
मुम्बई:

देश के शेयर बाजारों के प्रमुख सूचकांक शुरुआती दिनों की गिरावट का असर कम करते हुए इस सप्ताह बढ़त के साथ बंद हुए लेकिन शेयर बाजारों के विस्तृत आधार वाले सूचकांकों में साप्ताहिक गिरावट दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में उच्च स्तर पर मौजूद कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के कारण शुक्रवार को शेयर बाजारों में जोरदार तेजी दर्ज की गई। बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स इस सप्ताह 370.15 अंक (2.07 प्रतिशत) बढ़कर 18,240.68 अंक पर बंद हुआ। पिछले सप्ताह यह 17,870.53 अंक पर बंद हुआ था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी 104.85 अंक (1.95 प्रतिशत) बढ़कर 5,516.75 अंक पर बंद हुआ जो कि पिछले सप्ताह 5,476.1 अंक पर बंद हुआ था। निजी शोध संस्था कोटक सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष संजीव जरबाडे ने कहा, "शुक्रवार को आई जोरदार तेजी के कारण इस सप्ताह सेंसेक्स में अन्य देशों के सूचकांकों से ज्यादा बढ़त दर्ज की गई। कच्चे तेल की कीमतों में करीब चार प्रतिशत की गिरावट के कारण यह तेजी दर्ज की गई। यदि अगले कुछ दिनों तक कच्चे तेल में यह गिरावट जारी रहती है तो बाजार में और तेजी देखी जा सकती है।" कच्चे तेल की कीमत 94.7 डॉलर प्रति बैरल से गिरकर 89.69 डॉलर प्रति बैरल हो गई है। शेयर बाजारों के विस्तृत आधार वाले सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। इस सप्ताह बीएसई मिडकैप सूचकांक 2.1 प्रतिशत और बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 3.08 प्रतिशत गिरकर बंद हुआ। प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के आंकड़ों के मुताबिक इस सप्ताह विदेशी संस्थागत निवेशकों ने कुल 25 करोड़ डॉलर की शुद्ध खरीदारी की। इस सप्ताह सेंसेक्स में हीरो होंडा (7.6 प्रतिशत), भारती एयरटेल (6.1 प्रतिशत), टाटा पावर (4.3 प्रतिशत) और एसबीआई (3.2 प्रतिशत) सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज करने वाले शेयर रहे। वहीं मारुति सुजुकी (8.7 प्रतिशत), रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर (7.6 प्रतिशत), जयप्रकाश एसोसिएट्स (4.5 प्रतिशत) और डीएलएफ (3.9 प्रतिशत) इस सप्ताह सेंसेक्स में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज करने वाले शेयर रहे। शुक्रवार को केंद्र सरकार द्वारा डीजल और रसोई गैस की कीमतों में की गई वृद्धि के कारण अगले दिनों में शेयर बाजारों में नरमी का रुख रह सकता है। डीजल की कीमत तीन रुपये प्रति लीटर और रसोई गैस की कीमत 50 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ाई गई है। इस वृद्धि से महंगाई दर में और बढ़त दर्ज की जा सकती है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com