खास बातें
- वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख के बीच उच्चस्तर पर निवेशकों की मुनाफा वसूली से बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स शुरुआती बढ़त कायम न रख सका।
मुंबई: वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख के बीच उच्चस्तर पर निवेशकों की मुनाफा वसूली से बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स शुरुआती बढ़त कायम न रख सका और मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ। कारोबार की शुरुआत में 245 अंक से अधिक की बढ़त हासिल कर 5 सप्ताह के उच्च स्तर 18,736.97 अंक पर पहुंचने के बाद मुनाफावसूली से सेंसेक्स 3.31 अंक टूटकर 18,486.45 अंक पर बंद हुआ। पिछले चार कारोबारी सत्रों में यह 865 अंक से अधिक मजबूत हुआ। वहीं दूसरी ओर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 2.55 अंक की मामूली बढ़त के साथ 5,538.75 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 5,608.2 अंक के दिन के उच्च स्तर पर चला गया था। इस दौरान जहां पूंजीगत सामान वाली कंपनियों, पीएसयू, धातु, एफएमसीजी और टिकाउ उपभोक्ता सामान बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में गिरावट आई, वहीं बैंकिंग, वाहन, आईटी, रीयल्टी, बिजली और प्रौद्योगिकी शेयरों में तेजी दर्ज की गई। ब्रोकरों के मुताबिक, मजबूत वैश्विक रुख के बावजूद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी को लेकर चिंतित आपरेटरों एवं खुदरा निवेशकों ने मुनाफा वसूली करना उचित समझा।