यह ख़बर 30 मई, 2012 को प्रकाशित हुई थी

केशब महिंद्रा 8 अगस्त को सेवानिवृत्त होंगे, आनंद सम्भालेंगे बागडोर

खास बातें

  • महिंद्रा एंड महिंद्रा की बागडोर 48 वर्षो तक सम्भालने के बाद अध्यक्ष केशब महिंद्रा आठ अगस्त को सेवानिवृत्त हो जाएंगे और 15.4 अरब डॉलर के कारोबार की कमान अपने भतीजे आनंद महिंद्रा को सौंप देंगे।
मुम्बई:

महिंद्रा एंड महिंद्रा की बागडोर 48 वर्षो तक सम्भालने के बाद अध्यक्ष केशब महिंद्रा आठ अगस्त को सेवानिवृत्त हो जाएंगे और 15.4 अरब डॉलर के कारोबार की कमान अपने भतीजे आनंद महिंद्रा को सौंप देंगे।

समूह द्वारा बुधवार को जारी बयान के मुताबिक केशब महिंद्रा ने आठ अगस्त 2012 को होने वाली सलाना आम बैठक के बाद सेवानिवृत्त होने की इच्छा जताई है।

बयान में कहा गया, "बोर्ड इसे स्वीकार करना नहीं चाहता था। आखिर उसने उनकी इच्छा को स्वीकार कर ली, लेकिन बोर्ड ने कहा कि कम्पनी को उनकी सलाह की जरूरत है इसलिए वह सेवानिवृत्त अध्यक्ष का पद स्वीकार करें।"

बयान के मुताबिक कम्पनी के मौजूदा उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक 57 वर्षीय आनंद महिंद्रा आठ अगस्त से कम्पनी के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक होंगे तथा 88 वर्षीय केशब महिंद्रा सेवानिवृत्त अध्यक्ष होंगे।

केशब महिंद्रा ने कहा, "मैं बोर्ड के व्यवहार से खुश हूं। कम्पनी के सबसे अच्छे प्रदर्शन के वक्त इसकी कमान अगली पीढ़ी को सौंपना काफी अच्छा लग रहा है।"

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

केशब महिंद्रा 1948 में बोर्ड से जुड़े थे और 1963 में उन्हें अध्यक्ष चुना गया था। उनके कार्यकाल में कम्पनी ने एक वाहन निर्माता कम्पनी से आगे बढ़कर वाहन उपकरण, सूचना प्रौद्योगिकी, रियल एस्टेट, वित्तीय सेवा और आतिथ्य जैसे कई क्षेत्रों में अपना विस्तार किया।