जियो फाइनेंशियल में लगातार 5वें दिन लगा लोअर सर्किट, मार्केट कैप में 37,000 करोड़ रुपये की गिरावट

शेयर मार्केट खुलने के बाद जियो फाइनेंशियल में 202.80 रुपये के औसत भाव पर फिर 1.02 करोड़ शेयरों की बड़ी ट्रेड हुई थी.

जियो फाइनेंशियल में लगातार 5वें दिन लगा लोअर सर्किट, मार्केट कैप में 37,000 करोड़ रुपये की गिरावट

आज के लोअर सर्किट के बाद जियो फाइनेंशियल का शेयर प्राइस गिरकर 202.80 रुपये पर आ गया है.

नई दिल्ली:

BQ PRIME की रिपोर्ट के अनुसार, 21 अगस्त को लिस्टिंग के बाद से ही जियो फाइनेंशियल (Jio Financial Services Ltd.) के शेयर में लोअर सर्किट लग रहा है. आज पांचवें दिन भी इसमें 5% का लोअर सर्किट लगा है.

लगातार 5वें दिन लोअर सर्किट

BSE पर 265 रुपये और NSE पर 262 रुपये पर लिस्ट होने के बाद, 21 अगस्त को इस पर 5% का लोअर सर्किट लगा, उस दिन क्लोजिंग प्राइस 248.90 रुपये था, दूसरे दिन 22 अगस्त को भी लोअर सर्किट लगा तब क्लोजिंग प्राइस 236.45 रुपये था, 23 अगस्त के लोअर सर्किट के बाद प्राइस 224.65 रुपये पर आ गया, 24 अगस्त को लोअर सर्किट के बाद शेयर प्राइस 213.45 रुपये पर आ गया, और आज के लोअर सर्किट के बाद शेयर प्राइस गिरकर 202.80 रुपये पर आ गया है.

NSE की ऑर्डर बुक के मुताबिक सुबह 9:40 बजे तक 9.31 करोड़ शेयर बिक्री के लिए पेंडिंग पड़े थे.

ब्लूमबर्ग डेटा के मुताबिक प्री मार्केट ट्रेड्स में 0.7% इक्विटी या 4.74 करोड़ शेयरों की बड़ी ट्रेड हुई थी. हालांकि शेयर खरीदने बेचने वालों के बारे में जानकारी हासिल नहीं हुई है. मार्केट खुलने के बाद इसमें 202.80 रुपये के औसत भाव पर फिर 1.02 करोड़ शेयरों की बड़ी ट्रेड हुई थी.

37,000 करोड़ रुपये की मार्केट कैप साफ

JFS में आई गिरावट का असर रिलायंस समूह के बाकी शेयरों पर भी पड़ा, पांच दिनों से चली आ रही इस लंबी गिरावट की वजह से जियो फाइनेंशियल का मार्केट कैप 37,000 करोड़ रुपये कम हो चुका है और 1.29 लाख करोड़ रुपये पर आ गया है, आज जियो फाइनेंशियल का मार्केट कैप 6,766.25 करोड़ रुपये कम हुआ है. गुरुवार को जियो फाइेंशियल की मार्केट कैप 7,115.68 करोड़ रुपये गिरी थी. बुधवार को मार्केट कैप में 7,496.88 करोड़ रुपये की गिरावट आई थी, जबकि मंगलवार को मार्केट 7,909.84 करोड़ रुपये कम हुई थी.

इंडेक्स से जाना टला

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

BSE ने पहले बताया था कि शेयर सभी S&P BSE इंडेक्स से 29 अगस्त से बाहर हो जाएगा, क्योंकि इसने लगातार तीन दिनों तक लोअर सर्किट को हिट किया था, मगर ये गिरावट जारी रहती है और इसके बाद भी लगातार दो दिनों तक ये लोअर सर्किट पर रहता है तो इंडेक्स से बाहर होने का कार्यक्रम अगले तीन दिनों के लिए टल जाएगा. जियो फाइनेंशियल का शेयर इस पूरे हफ्ते ही लोअर सर्किट पर रहा है. इसलिए अब इंडेक्स से बाहर जाना तीन दिनों के लिए टल गया है.