खास बातें
- लॉस एंजिल्स इकॉनॉमिक डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ने कहा है भूकम्प के कारण जापान के साथ अमेरिका के व्यापार पर बुरा असर पड़ सकता है।
लॉस एंजेलिस: लॉस एंजिल्स इकॉनॉमिक डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ने कहा है पिछले महीने आए विनाशकारी भूकम्प के कारण जापान के साथ अमेरिका के व्यापार पर बुरा असर पड़ सकता है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने कॉरपोरेशन द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के हवाले से कहा है कि लॉस एंजिल्स बंदरगाह और लॉस एंजिल्स अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर इस महीने आगे चलकर दोनों देशों के बीच व्यापार में भारी गिरावट देखने को मिल सकती है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि जापान से होने वाले पर्यटन और विदेशी निवेश पर भी बुरा असर पड़ेगा। मुख्य अर्थशास्त्री नैंसी सिद्धू ने एक बैठक में कहा, "इस व्यापार में खुद इस शहर की एक बहुत बड़ी राशि दांव पर लगी है।" सिद्धू ने कहा कि जापान से जिन आयातों में गिरावट आने की सम्भावना है, उनमें ऑटोमोटिव कल-पुर्जे, कम्प्यूटर, चिकित्सकीय उपकरण और अन्य उच्च प्रौद्योगिकी के कल-पुर्जे शामिल हो सकते हैं। जापान, लॉस एंजिल्स बंदरगाह का चीन के बाद दूसरा बड़ा व्यापारिक साझेदार है, और बंदरगाह पर प्रतिवर्ष होने वाले 236 अरब डॉलर के कुल व्यापार का 15 प्रतिशत जापान से होता है। अधिकारियों के अनुसार जापान व अमेरिका के बीच 2010 में लगभग 35.3 अरब डॉलर का व्यापार लॉस एंजिल्स बंदरगाह के जरिए हुआ है।