जेटली ने किया आगाह : निवेश रुका तो रोजगार पर खतरा

जेटली ने किया आगाह : निवेश रुका तो रोजगार पर खतरा

वित्त मंत्री अरुण जेटली (फाइल फोटो)

नई दिल्ली:

श्रमिक संगठनों द्वारा श्रम सुधारों का विरोध किए जाने के बीच वित्त मंत्री अरुण जेटली ने सोमवार को आगाह किया कि यदि निवेश प्रवाह रुका, तो रोजगार सृजन पर खतरा होगा। इसके साथ ही उन्होंने ऐसे विचारों पर जोर नहीं देने की अपील की जिससे कि आर्थिक गतिविधियों को नुकसान पहुंचे।

जेटली ने कहा कि आर्थिक गतिविधियां बढ़ाए बिना श्रम बल की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा सकती। गौरतलब है कि प्रस्तावित श्रम सुधारों को लेकर वित्त मंत्री की अध्यक्षता वाली मंत्रिमंडलीय समिति की श्रमिक संगठनों के साथ बातचीत गतिरोध दूर करने में असफल रही।

वित्त मंत्री ने 46वें भारतीय श्रम सम्मलेन को संबोधित करते हुए कहा, यदि हम निवेश प्रवाह रोकते हैं, तो रोजगार नहीं बढ़ेगा और फिर आर्थिक गतिविधियां भी नहीं बढ़ेगी। जिसके बाद यह मौजूदा रोजगारों के लिए खतरा बन जाएगा। ’ वित्त मंत्री ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे ज्यादा तेजी से बढ़ रही है, जबकि अन्य में ज्यादातर चुनौती का सामना कर रही हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने कहा, सरकार की कोशिश है कि जब पूरी वैश्विक अर्थव्यवस्था में नरमी है, तब हमारी अर्थव्यवस्था मजबूत रहे। आज हमें इस बात पर गर्व है कि ऐसी नरमी भरे माहौल में जब सभी देश संघर्ष कर रहे हैं, भारत दूसरी अर्थव्यवस्थाओं के मुकाबले अधिक तेजी से वृद्धि दर्ज कर रहा है।