खास बातें
- जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पंजाब के बठिंडा से श्रीनगर की 750 किलोमीटर की प्रतिष्ठित गैस पाइपलाइन परियोजना को मंजूरी दे दी।
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पंजाब के बठिंडा से श्रीनगर की 750 किलोमीटर की प्रतिष्ठित गैस पाइपलाइन परियोजना को मंजूरी दे दी। यह परियोजना काम शुरू होने के तीन साल में पूरी होगी। एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने इस बात का उल्लेख किया कि यह सुविधा राज्य के लोगों के लिए काफी लाभदायक होगी। खासकर इस परियोजना से सर्दियों में होने वाले ऊर्जा संकट से निजात मिल सकेगी। उमर ने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य जम्मू-कश्मीर को राष्ट्रीय गैस ग्रिड से जोड़ना और बाद में सभी घरों को गैस स्टेशन से जोड़ना है। इससे घरों को गैस की आपूर्ति पूरे साल तक बिना बाधा के हो सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा, इससे राज्य का ऊर्जा संकट दूर होगा और पनबिजली का इस्तेमाल अन्य कार्यों के लिए हो सकेगा। उमर ने कहा कि इससे परिवारों की गर्मी तथा खाना पकाने के ईंधन की निर्भरता सस्ती गैस ऊर्जा की ओर स्थानांतरित हो सकेगी। उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत प्राकृतिक गैस घरेलू, वाणिज्यिक, परिवहन, औद्योगिक, कृषि और संबंधित क्षेत्रों को उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री ने राज्य स्तर पर उपभोक्ता मामलों और सार्वजनिक वितरण विभाग को परियोजना के लिए नोडल एजेंसी नियुक्त किया है।