यह ख़बर 12 जुलाई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

इंफोसिस का पहली तिमाही में अनुमान से अधिक रहा कारोबार

खास बातें

  • देश की प्रमुख सूचना प्रौद्योगिकी कम्पनी इंफोसिस ने मौजूदा कारोबारी साल की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में अनुमान से 1.8 फीसदी अधिक कारोबार किया।
मैसूर:

देश की प्रमुख सूचना प्रौद्योगिकी कम्पनी इंफोसिस ने मौजूदा कारोबारी साल की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में अनुमान से 1.8 फीसदी अधिक कारोबार किया। कम्पनी ने पहले इस अवधि में 7,347 करोड़ रुपये का कारोबार करने का अनुमान जताया था, जबकि इस अवधि में कम्पनी ने 7,485 करोड़ रुपये का कारोबार किया। विश्लेषकों के अनुमान की तुलना में हालांकि कम्पनी का प्रदर्शन फिर भी कम रहने के कारण शेयर बाजार के शुरुआती कारोबार में कम्पनी के शेयरों में लगभग छह फीसदी की गिरावट देखी गई। कम्पनी द्वारा मंगलवार को जारी बयान के मुताबिक कम्पनी के तिमाही कारोबार में साल दर साल 19 फीसदी यानी 7,347 करोड़ रुपये की वृद्धि का अनुमान जताया गया था। कम्पनी ने हालांकि इस अवधि में अनुमान से 1.8 फीसदी अधिक 7,485 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जो पिछले साल की समान अवधि में हुए कारोबार से 21 फीसदी अधिक है। इसी अवधि में कम्पनी का शुद्ध लाभ पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 16 फीसदी की वृद्धि के साथ 1,722 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। प्रति शेयर आय के हालांकि विश्लेषकों के अनुमान के मुताबिक नहीं रहने के कारण कम्पनी के शेयरों में शेयर बाजार के शुरुआती कारोबार में लगभग छह फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में कम्पनी के शेयरों ने शुरुआती कारोबार में 5.8 फीसदी गिरावट के साथ 2,749.35 रुपये के निचले स्तर तक गोता लगाया। कम्पनी के शेयर 2,850 रुपये पर खुले थे, जबकि पिछले दिन ये 2,919 रुपये पर बंद हुए थे। मंगलवार को बीएसई में कम्पनी के शेयर 4.27 फीसदी की गिरावट के साथ 2,794.25 रुपये पर बंद हुए। पहली तिमाही के कारोबार में बेहतर विकास के कारण कम्पनी ने पूरे साल के अपने कारोबारी अनुमान को भी बढ़ाकर 32,311 करोड़ रुपये कर दिया। कम्पनी ने इससे पहले 14 अप्रैल को मौजूदा कारोबारी साल का कुल कारोबार 32,270 करोड़ रुपये रहने का अनुमान जताया था। पूरे साल के लिए कुल कारोबार का नया अनुमान पिछले साल के कारोबार की तुलना में 16.5 फीसदी अधिक है। इंफोसिस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एस. गोपालकृष्णन ने बयान में कहा, "हमने कम्पनी को पुनर्व्यवस्थित किया है और सूचना प्रौद्योगिकी कारोबार पर और अधिक ध्यान केंद्रित किया है। इसके कारण हम अपने ग्राहकों की जरूरत पूरी करने में पहले से अधिक सक्षम हो गए हैं।"


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com