खास बातें
- भारत के साथ व्यापार बढ़ाने की इच्छा दिखाते हुए पाकिस्तान ने भारत से आयात किए जा सकने वाले सामानों की सूची में कुछ नए सामान जोड़े हैं।
इस्लामाबाद: भारत के साथ व्यापार बढ़ाने की इच्छा दिखाते हुए पाकिस्तान ने भारत से आयात किए जा सकने वाले सामानों की सूची में कुछ नए सामान जोड़े हैं। इस तरह अब भारत से 1,964 सामानों का आयात किया जा सकेगा। समाचार पत्र डॉन के बुधवार के संस्करण के मुताबिक भारत से आयात बढ़ाने की इस्लामाबाद की इस साल यह दूसरी कोशिश है। समाचार पत्र के मुताबिक वाणिज्य मंत्री ने इस साल फरवरी में भारत से आयात किए जाने वाले आठ सामानों की सूची तैयार की थी, लेकिन इसके बदले में भारत ने पाकिस्तान से भारत को निर्यात किए जाने वाले सामानों पर गैर शुल्कीय बाधाओं को कम करने के लिए समय तय नहीं किया। वाणिज्य मंत्रालय ने अब भारत से आयात किए जा सकने योग्य 18 सामानों की सूची तैयार की है। इसे मंजूरी के लिए आर्थिक समन्वय समिति को भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद ये 18 सामान भारत से आयात किए जा सकने योग्य सामानों की सूची में शामिल कर लिए जाएंगे। इन सामानों में मशीन, कच्चे माल भी शामिल हैं। डॉन के मुताबिक पाकिस्तान ने पहली बार भारत से सभी तरह के प्रकाशित सामग्रियों और अखबारी कागज के आयात की भी इजाजत दी है। अखबारी कागज के आयात की पहले भी इजाजत थी, लेकिन अब खर्च घटाने की कोशिशों के तहत इनका जमीन के रास्ते से आयात किया जा सकेगा। भारत और पाकिस्तान के बीच आपसी व्यापार 2010 में अप्रैल से दिसम्बर के बीच तीन अरब डॉलर तक पहुंच गया। यह कारोबारी साल 2009-10 में 1.85 अरब डॉलर था। वाणिज्य मंत्री अमीन फहीम इस महीने के आखिर में भारत की यात्रा कर सकते हैं। माना जा रहा है कि वह भारत सरकार के साथ भारत को सर्वोच्च तरजीही देश वाले दर्जे के बारे में बात करेंगे।