यह ख़बर 04 मार्च, 2011 को प्रकाशित हुई थी

भारत दुनिया के शीर्ष 10 विनिर्माताओं में : यूनिडो

खास बातें

  • संयुक्त राष्ट्र की एक एजेंसी ने कहा है कि भारत अपनी मजबूत आर्थिक वृद्धि के चलते दुनिया के शीर्ष 10 विनिर्माता देशों में उभरकर सामने आया है।
New Delhi:

संयुक्त राष्ट्र की एक एजेंसी ने कहा है कि भारत अपनी मजबूत आर्थिक वृद्धि के चलते दुनिया के शीर्ष 10 विनिर्माता देशों में उभरकर सामने आया है। संयुक्त राष्ट्र औद्योगिक विकास संगठन (यूनिडो) ने कहा है कि 2010 में भारत दुनिया के 10 शीर्ष विनिर्माताओं में शामिल रहा है। यूनिडो ने कहा कि भारत तथा अन्य प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं ब्राजील और चीन ने 2010 में आर्थिक वृद्धि की दृष्टि से बेहतर प्रदर्शन किया है। इन सभी देशों की विनिर्माण मूल्यवर्धन पिछले साल 10 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ा है। संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी द्वारा जारी औद्योगिक सांख्यिकी 2011 आंकड़ों के अनुसार, तीनों देशों की दुनिया के विनिर्माण उत्पादन में हिस्सेदारी बढ़कर 32 प्रतिशत पर पहुंच गई है, जो 10 बरस पहले 20 फीसद ही था। यूनिडो ने कहा है कि विश्व विनिर्माण क्षेत्र तेजी से वैश्विक संकट के असर से उबर रहा है। चीन को छोड़कर विकासशील देशों में भारत कपड़ा, रसायन उत्पाद, मूल धातुओं, सामान्य मशीनरी एवं उपकरण तथा इलेक्ट्रिकल मशीनरी उत्पादन में सबसे आगे रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत ने मोटर वाहन उत्पादन में ब्राजील को पीछे छोड़ दिया है। वह विकासशील देशों में मेक्सिको के बाद मोटर वाहन उत्पादन में दूसरे स्थान पर है। वहीं दूसरी ओर एशियाई प्रतिद्धंद्धी थाइलैंड, मलेशिया और फिलिपींस इलेक्ट्रानिक्स सामान मसलन कंप्यूटर और कार्यालय उपकरणों के उत्पादन में आगे हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com