खास बातें
- यूरोपीय संकट का मजबूत और विश्वसनीय समाधान सबके हित में है और आईएमएफ के जरिए वैश्विक समुदाय इस दिशा में प्रयास कर रहा है।
वाशिंगटन: यूरोपीय संकट का मजबूत और विश्वसनीय समाधान सबके हित में है और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के जरिए वैश्विक समुदाय इस दिशा में प्रयास कर रहा है। यह बात अमेरिकी वित्तमंत्री टिमोथी गेटनर ने कही। गेटनर ने व्हाइट हाउस में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मुझे लगता है कि यूरोप फिलहाल जैसे वित्तीय दबाव में है और उसके मजबूत और विश्वसनीय समाधान में हम सबका हित है। यह सिर्फ अमेरिका की बात नहीं है, न ही सिर्फ यूरोपीयों की। उन्होंने कहा कि पूरी वैश्विक अर्थव्यवस्था उन वित्तीय दबावों के विवेकपूर्ण हल पर निर्भर करती है। वित्तमंत्री ने कल कहा कि आपने विश्व के सभी देशों को आईएमएफ के जरिए यूरोप की चुनौतियों में महत्वपूर्ण योगदान करते देखा है। इससे स्पष्ट है कि यूरोप की वित्तीय स्थिरता और बेहतर वृद्धि से हम सब संबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि यूरोप भारी दबाव में है और उसे बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे अमेरिका प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इससे यहां और विश्व भर में भरोसा प्रभावित हो रहा है। सिर्फ यूरोप में ही नहीं।