खास बातें
- प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अंतरराष्ट्रीय संस्थानों पर पश्चिमी एकाधिकार को लेकर मंगलवार को सवाल खड़े किए।
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अंतरराष्ट्रीय संस्थानों पर पश्चिमी एकाधिकार को लेकर मंगलवार को सवाल खड़े किए। सिंह ने कहा कि किसी भी देश के उपलब्ध सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति को ये पद दिए जाने चाहिए। जर्मनी की चांसलर, एंजेला मार्केल के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में मनमोहन सिंह ने कहा, "भारत का दृष्टिकोण जगजाहिर है.. किसी भी देश के उपलब्ध सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति को अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के प्रमुख का पद दिया जाना चाहिए।" मनमोहन सिंह ने कहा कि आईएमएफ प्रमुख के चयन का मुद्दा मार्केल के साथ बातचीत में नहीं उठा, लेकिन उन यूरोपीय ताकतों के लिए यह स्पष्ट संदेश है, जो शीर्ष वित्तीय संस्थानों को अपने नियंत्रण से मुक्त नहीं करना चाहते। फ्रांस की वित्त मंत्री क्रिस्टीन लेगर्दे, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के प्रबंध निदेशक पद के लिए पहले ही अपनी उम्मीदवारी की घोषणा कर चुकी हैं। जर्मनी भी चाहता है कि यह पद किसी यूरोपीय व्यक्ति को दिया जाए। मनमोहन सिंह ने सप्ताह में तीसरी बार विश्व बैंक और आईएमएफ में शीर्ष पदों पर पश्चिमी ताकतों के एकाधिकार पर सवाल खड़े किया है।