यह ख़बर 17 अक्टूबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

एचएसबीसी भारत में ब्रोकरेज कारोबार बंद करेगी, 300 लोगों की नौकरी खतरे में

मुंबई:

ब्रिटेन की वित्तीय कंपनी एचएसबीसी देश में संकट में फंसे खुदरा ब्रोकरेज तथा डिपोजिटरी कारोबार को बंद करेगी। कंपनी ने पांच साल पहले करीब 29 करोड़ डॉलर के निवेश से इस क्षेत्र में कदम रखा था।

सूत्रों के अनुसार इस निर्णय से कंपनी के करीब 300 कर्मचारियों को अपनी नौकरी गंवानी पड़ेगी।

एचएसबीसी ने बयान में कहा, ‘हम अपने खुदरा ब्रोकिंग तथा खुदरा डिपोजिटरी सर्विसेज कारोबार को बंद कर रहे हैं। एचएसबीसी इनवेस्ट डायरेक्ट सिक्योरिटीज के तहत इसका परिचालन किया जा रहा था।’

बयान में कहा गया है कि प्रभावित कर्मचारियों को एचएसबीसी नीति के तहत भुगतान की पेशकश की जाएगी और करियर के बारे में पेशेवर एजेंसी की सेवा दी जाएगी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

बैंक ने कहा कि कारोबार बंद करने के निर्णय के मद्देनजर नए ग्राहकों को नहीं जोड़ा जाएगा जबकि मौजूदा ग्राहकों को कारोबार बंद करने की तिथि के बारे में सूचना दे दी जाएगी तथा उन्हें तब तक सेवा मिलती रहेगी।