यह ख़बर 30 जून, 2011 को प्रकाशित हुई थी

ग्रीस संकट : कटौती के उपायों पर मतदान

खास बातें

  • ग्रीस को आर्थिक संकट से उबरने के लिए आईएमएफ और यूरोपीय संघ से 110 अरब यूरो के ऋण के ताजा किश्त की जरूरत है।
एथेंस:

ग्रीस को दिवालिया होने से बचाने के लिए खर्च में कटौती और कर बढ़ाने जैसे प्रस्तावों को लागू करने के लिए गुरुवार को संसद में होने वाले मतदान से पहले हिंसक प्रदर्शनों का दौर जारी है। दरअसल, ग्रीस को आर्थिक संकट से उबरने के लिए अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और यूरोपीय संघ से 110 अरब यूरो के ऋण के ताजा किश्त की जरूरत है जिसके लिए उसे इन सुधार कार्यक्रमों को लागू करना होगा, लेकिन ग्रीसवासियों का कहना है इन सुधार कार्यक्रमों के लागू होने से बेहद कम कमाने वाला व्यक्ति भी कर के दायरे में आ जाएगा। सरकार द्वारा खर्च में कटौती करने के लिए उठाए गए अन्य कदमों के कारण पहले से ही बेरोजगारी की दर 16 फीसदी की पहुंच गई है। समाचार वेबसाइट बीबीसी के मुताबिक गुरुवार को स्थानीय समय के अनुसार दोपहर करीब दो बजे होने वाले मतदान से पहले राजधानी एथेंस के विभिन्न स्थानों पर हिंसक झपड़ और प्रदर्शन हुए। राजधानी के मुख्य चौराहा सिंटैग्मा स्क्वोयर पर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। यहां पर मौजूद वित्त मंत्रालय के भवन में स्थित एक पोस्टऑफिस को प्रदर्शनकारियों को आग के हवाले कर दिया। दूसरी तरफ पुलिस ने राजधानी के सिटी सेंटर की ओर जाने वाली सड़कों को बंद कर दिया है ताकि मतदान में भाग लेने के लिए संसद भवन जाने वाले सांसद बिना व्यवाधान के वहां पहुंच सके। कुछ एथेंसवासियों ने पुलिस पर अत्याधिक बल प्रयोग करने का भी आरोप लगाया है। सिंटैग्मा स्क्वोयर मेट्रो स्टेशन पर पुलिस द्वारा आंसू गैस के गोले दागे जाने के कारण करीब 100 लोगों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी, जिस कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस बीच कर्ज के बोझ को उतारने के लिए ग्रीस हवाईअड्डों, रेलवे, सड़क, बंदरगाह और ऊर्जा कम्पनियों को बेचने की पेशकश की है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com