खास बातें
- सार्वजनिक खर्चों पर नियंत्रण के लिए सरकार ने अपने मंत्रालयों से विदेश यात्राएं सीमित करने तथा पंचसितारा होटलों में बैठकों से बचने को कहा।
New Delhi: सार्वजनिक खर्चों पर नियंत्रण की नई पहल शुरू करते हुए सरकार ने अपने मंत्रालयों तथा विभागों से विदेश यात्राएं सीमित करने तथा पंचसितारा होटलों में बैठकों से बचने को कहा। वित्त मंत्रालय ने इस बारे में कार्यालयी पत्र जारी किया है। इसमें मंत्रालयों से कहा है कि वे नया वाहन नहीं खरीदे और न ही कोई नया पद सृजित करें। हालांकि साल के दौरान स्थापित होने वाले संगठनों पर यह लागू नहीं होगा। इसमें कहा गया है कि विदेशी यात्राएं बहुत जरूरी तथा अपरिहार्य होने पर ही की जाएंगी और यह सुनिश्चित करना हर मंत्रालय तथा विभाग के सचिव की जिम्मेदारी होगी। इसके अनुसार खर्चों को युक्तिसंगत बनाने के लिए वित्तीय सुदृढीकरण की प्रक्रिया जरूरी है। वित्त मंत्रालय ने अधिकारियों की विदेश यात्रा के संबंधी में भी कुछ मूल बातें ध्यान में रखने को कहा है। इसके तहत अधिकारी सरकारी खर्च पर शिक्षा दौरे या कार्यशाला, सम्मेलन में भाग लेने नहीं जाएंगे।