खास बातें
- थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित खाद्य मुद्रास्फीति 28 मई, 2011 को समाप्त सप्ताह में 9.01% पर पहुंच गई। इससे पिछले सप्ताह यह 8.06% थी।
New Delhi: सरकार के अनुमानों के विपरीत थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित खाद्य मुद्रास्फीति 28 मई, 2011 को समाप्त सप्ताह में बढ़कर 9.01 प्रतिशत पर पहुंच गई। इससे पिछले सप्ताह यह 8.06 प्रतिशत थी। फल, प्याज, दूध तथा मांस मछली आदि के दामों में तेजी के कारण खाद्य वस्तुओं पर महंगाई का दबाव बढ़ा है और खाद्य मुद्रास्फीति दो महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। पिछले साल मई के आखिरी सप्ताह में खाद्य मुद्रास्फीति 20.62 प्रतिशत थी। 26 मार्च 2011 को खाद्य मुद्रास्फीति 9.18 प्रतिशत थी। उसके बाद से यह लगातार 9 प्रतिशत से नीचे चल रही थी। गुरुवार को जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार फलों की कीमतें इस समय एक साल पहले की तुलना में 30.78 प्रतिशत ऊपर चल रही हैं। इसी तरह प्याज के भाव पिछले वर्ष इसी समय की तुलना में 14 प्रतिशत ऊपर रहे। आलोच्य सप्ताह में सालाना आधार पर दूध की कीमत 8.49 प्रतिशत, अंडा, मांस और मछली 6.99 प्रतिशत और अनाज 5.77 प्रतिशत ऊपर थे। हालांकि इस दौरान दाल की कीमतें एक साल पहले की तुलना में 9.49 प्रतिशत कम रहीं, तथा आलू और सब्जियों के दाम भी नीचे रहे।