यह ख़बर 09 फ़रवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

जनवरी में निर्यात में 10.1 फीसदी की वृद्धि

खास बातें

  • देश का निर्यात जनवरी महीने में 10.1 प्रतिशत बढ़कर 25.4 अरब डॉलर रहा, जबकि आयात में 20.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
नई दिल्ली:

देश का निर्यात जनवरी महीने में 10.1 प्रतिशत बढ़कर 25.4 अरब डॉलर रहा, जबकि आयात में 20.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई। पश्चिमी बाजारों की कमजोर मांग के बावजूद जनवरी में निर्यात में अच्छी वृद्धि हुई है। वाणिज्य सचिव राहुल खुल्लर ने शुरुआती आंकड़े जारी करते हुए बताया कि महंगे कच्चे तेल और वनस्पति तेल की वजह से माह के दौरान आयात 20.3 प्रतिशत बढ़कर 40.1 अरब डॉलर रहा। इस तरह माह के दौरान व्यापार घाटा 14.7 अरब डॉलर का रहा।

दिसंबर, 2011 में निर्यात 6.7 प्रतिशत बढ़ा था। खुल्लर ने कहा कि अमेरिका और यूरोप में समस्या के कारण निश्चित रूप से देश का निर्यात प्रभावित हो रहा है। जुलाई, 2011 में निर्यात की वृद्धि दर 82 प्रतिशत की ऊंचाई पर पहुंच गई थी। अगस्त, 2011 में यह घटकर 44.25 प्रतिशत रह गई, जबकि सितंबर में 36.36 प्रतिशत और अक्टूबर में 10.8 प्रतिशत रह गई।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

वित्तवर्ष 2011-12 में अप्रैल-जनवरी की अवधि में निर्यात 23.5 प्रतिशत बढ़कर 242.8 अरब डॉलर तथा आयात 29.4 प्रतिशत बढ़कर 391.5 अरब डॉलर रहा। इन 10 महीनों का व्यापार घाटा 148.7 अरब डॉलर रहा। खुल्लर ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘चालू वित्तवर्ष में निर्यात 300 अरब डॉलर रहने की उम्मीद है, जबकि आयात 460 अरब डॉलर का रहेगा। इस तरह वित्तवर्ष के दौरान व्यापार घाटा 160 अरब डॉलर का होगा।’’ उन्होंने कहा कि कच्चे तेल और वनस्पति तेल की ऊंची कीमतों की वजह से व्यापार घाटा ऊंचा है, पर अगले दो माह में यह कम होगा। उन्होंने कहा कि 2012-13 का साल निर्यातकों के लिए कठिन रहेगा।