खास बातें
- सितंबर महीने में उत्पाद शुल्क वसूली 8.7 प्रतिशत घटकर 11,432 करोड़ रुपये रही। यह विनिर्माण गतिविधियों में सुस्ती का संकेत है।
New Delhi: सितंबर महीने में उत्पाद शुल्क वसूली 8.7 प्रतिशत घटकर 11,432 करोड़ रुपये रही। पिछले वर्ष इसी महीने में उत्पाद शुल्क के रूप में 12,528 करोड़ रुपये वसूले गए थे। यह विनिर्माण गतिविधियों में सुस्ती का संकेत है। केंद्रीय उत्पाद एवं सीमा शुल्क विभाग के चेयरमैन एसडी मजूमदार ने कहा कि उत्पाद शुल्क वसूली में कमी विनिर्माण गतिविधियों में सुस्ती का संकेत है। उन्होंने त्योहारों के कारण अक्टूबर महीने में सीमा शुल्क और उत्पाद शुल्क वसूली में तेजी आने की उम्मीद जताई। वित्त मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार उत्पाद शुल्क वसूली सितंबर महीने में घटकर 11,432 करोड़ रुपये रही, जबकि सीमा शुल्क वसूली इसी महीने में 7.2 प्रतिशत बढ़कर 12,286 करोड़ रुपये रही। मजूमदार ने कहा कि सीमा शुल्क में 7.2 प्रतिशत वृद्धि का मुख्य कारण रुपये के मूल्य में गिरावट है। रुपये की विनिमय दर में भी 7 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। आलोच्य महीने में सेवा कर वसूली 31.4 प्रतिशत बढ़कर 8,698 करोड़ रुपये रही। आंकड़ों के अनुसार सितंबर महीने में कुल वसूली 32,416 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल के इसी महीने के मुकाबले 5.9 प्रतिशत अधिक है। पिछले वर्ष के इसी महीने में वसूली 30,608 करोड़ रुपये थी।