यह ख़बर 23 दिसंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

2013-14 के लिए ब्याज दर का फैसला 13 जनवरी को करेगा भविष्य निधि संगठन

नई दिल्ली:

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) 2013-14 के लिए ब्याज दर पर 13 जनवरी को फैसला करेगा। माना जा रहा है कि ईपीएफओ अपने पांच करोड़ से अधिक अंशधारकों को 8.5 प्रतिशत से कुछ अधिक ब्याज दर की पेशकश कर सकता है। 2012-13 में ईपीएफओ ने 8.5 प्रतिशत का ब्याज दिया था।

श्रममंत्री के अगुवाई वाले केंद्रीय न्यासी बोर्ड (सीबीटी) की बैठक 14 जनवरी को होनी थी। पर अब यह बैठक 13 जनवरी को होने जा रही है। सीबीटी ईपीएफओ का निर्णय लेने वाला शीर्ष निकाय है।

ईपीएफओ के केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त के के जालान ने प्रेट्र से कहा, 'ईपीएफओ ने सीबीटी की बैठक पहले 14 जनवरी को बुलाई थी, जो अब 13 जनवरी को होगी। ईद मिलादुन नबी 14 जनवरी को है, जिस वजह से यह बैठक एक दिन पहले बुलाई गई है।'

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने कहा कि अन्य बातों के अलावा इस बैठक में 2013-14 के लिए ब्याज दर को मंजूरी दी जाएगी। भविष्य निधि पर ब्याज दर का मुद्दा काफी समय से लंबित है और बोर्ड की बैठक में इस पर फैसला लिया जाएगा। भविष्य निधि की ब्याज दर पर फैसला इसलिए नहीं हो पाया है क्योंकि मई में पुनर्गठन के बाद से सीबीटी की बैठक नहीं हो पाई है।