खास बातें
- प्रवर्तन निदेशालय के मुताबिक सहारा समूह द्वारा स्वान टेलीकॉम को हस्तांतरित किए गए 150 करोड़ रुपयों का कथित रूप से 2जी घोटाले से सम्बंध है।
नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार को सर्वोच्च न्यायालय में सहारा समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुब्रत राय सहारा के खिलाफ 2जी स्पेक्ट्रम मामले की जांच कर रहे अधिकारियों को धमकाने की शिकायत दर्ज कराई है। प्रवर्तन निदेशालय ने सर्वोच्च न्यायालय में रॉय के खिलाफ आपराधिक अवमानना याचिका दायर की है। इस याचिका पर दोपहर दो बजे न्यायमूर्ति जीएस सिंघवी और अशोक कुमार गांगुली सुनवाई करेंगे। प्रवर्तन निदेशालय ने कहा कि लगातार नोटिस दिए जाने के बावजूद रॉय पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए और रॉय के समूह द्वारा प्रकाशित समाचार पत्र में एक लेख प्रकाशित किया गया जिसमें एक जांच अधिकारी राजेश्वर सिंह पर अंगुली उठाई गई है। प्रवर्तन निदेशालय के मुताबिक सहारा समूह द्वारा स्वान टेलीकॉम को हस्तांतरित किए गए 150 करोड़ रुपयों का कथित रूप से 2जी घोटाले से सम्बंध है। निदेशालय ने शुक्रवार सुबह इस मामले का उल्लेख न्यायालय के समक्ष किया।