मेट्रो की तर्ज पर जल्द ही स्मार्ट कार्ड सुविधा शुरू करेगी डीटीसी

नई दिल्ली:

दिल्ली परिवहन विभाग (डीटीसी) की बसों में यात्रा के लिए मेट्रो की तर्ज पर जल्द ही स्मार्ट कार्ड सुविधा शुरू की जाएगी।

डीटीसी अधिकारियों के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीन (ईटीएम) के लिए अगले कुछ दिन में निविदा निकाली जाएगी।

फिलहाल कुछ चिह्नित केंद्रों पर कागज पर मासिक बस पास बनाए जाते हैं जिन पर डीटीसी का वाटरमार्क होता है। पास से रोजाना सफर करने वाले लोगों का समय बचता है।

डीटीसी की सीएमडी देबश्री मुखर्जी ने कहा, 'हमने मेट्रो की तर्ज पर स्मार्ट कार्ड मासिक बस पास शुरू करने का फैसला किया है, जो यात्रियों को डीटीसी की बसों में सफर करने में मददगार होंगे। यात्रियों को बसों पर चढ़ते समय ईटीएम के माध्यम से स्मार्ट कार्ड स्वाइप करना होगा।' फिलहाल हजारों लोग अपने नाम से मासिक बस पास जारी कराते हैं लेकिन निगम को पता नहीं चल पाता कि यात्री सबसे ज्यादा किन रूटों पर सफर कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, 'स्मार्ट कार्ड बस पास शुरू करने के बाद हम अनेक मार्गों पर यात्रियों की संख्या पता लगा सकेंगे और उसके अनुसार सेवाओं में सुधार कर सकते हैं।' डीटीसी ने पहले चरण में 200 ईटीएम खरीदने का फैसला किया है और अच्छी प्रतिक्रिया मिलती है तो इस सुविधा का विस्तार किया जाएगा।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

निगम के अधिकारियों के अनुसार यात्री अपना स्मार्ट कार्ड मासिक आधार पर रिचार्ज करा सकते हैं।