यह ख़बर 14 मार्च, 2011 को प्रकाशित हुई थी

चीनी पीएम ने किया निम्न आर्थिक वृद्धि के लक्ष्य का समर्थन

खास बातें

  • चीनी प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ ने अगले पांच साल के लिए सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि दर का लक्ष्य निम्न रखे जाने का समर्थन किया।
बीजिंग:

चीनी प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ ने अगले पांच साल के लिए सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर का लक्ष्य निम्न रखे जाने का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक वृद्धि की रफ्तार को ऊंचा बनाए रखना ही हमारा मकसद नहीं है बल्कि देश में जीवन स्तर में सुधार के लिए गुणवत्तापूर्ण वृद्धि हासिल करना भी उद्देश्य है। सालाना संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए वेन ने कहा कि चीन का 12वीं पंचवर्षीय योजना के दौरान उच्च गुणवत्तापूर्ण और प्रभावशाली 7 फीसद सालाना आर्थिक वृद्धि दर हासिल करने का लक्ष्य है। नई पंचवर्षीय योजना इसी साल से शुरू होने वाली है। वेन ने कहा कि चीनी अर्थव्यवस्था के आकार और वृद्धि को गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए 7 फीसद सालाना वृद्धि का लक्ष्य कम नहीं है। वार्षिक संसद सत्र के समापन पर चीनी प्रधानमंत्री हर साल मीडिया को संबोधित करते हैं। 12वीं योजना (2011-15) के लिए चीन ने 7 फीसद आर्थिक वृद्धि का लक्ष्य रखा है जबकि इससे पूर्व पंचवर्षीय योजना के लिए आर्थिक वृद्धि का लक्ष्य 7.5 फीसद रखा गया था। हालांकि पिछले पांच साल में चीन की आर्थिक वृद्धि दर 11 फीसद से ऊपर रही है। वेन ने कहा कि लक्ष्य को कम करना आर्थिक वृद्धि के प्रतिरूप को बदलने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा, उच्च आर्थिक वृद्धि से एक तरफ ज्यादा रोजगार का सृजन होता है वहीं मुद्रास्फीति दबाव भी बढ़ता है। वहीं निम्न आर्थिक वृद्धि से नौकरी सृजन में कमी के साथ आर्थिक मंदी का खतरा रहता है।वेन ने कहा कि चीन को आर्थिक वृद्धि की रफ्तार, रोजगार और मुद्रास्फीति नियंत्रण के बीच संतुलन साधना होगा।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com