खास बातें
- सीतारमण ने कहा, तत्कालीन वित्तमंत्री के रूप में चिदंबरम ने 2007 में 2जी स्पेक्ट्रम का मूल्य निर्धारण 2001 के दामों पर करने में भूमिका निभाई थी।'
नई दिल्ली: भाजपा ने बुधवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मांग की कि 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन धांधली में गृह मंत्री पी चिदंबरम की भूमिका के बारे में वह अपनी चुप्पी तोड़ कर मामले को स्पष्ट करें। पार्टी प्रवक्ता निर्मला सीतारमण ने कहा, तत्कालीन वित्त मंत्री के रूप में चिदंबरम ने 2007 में 2जी स्पेक्ट्रम का मूल्य निर्धारण 2001 के दामों पर करने में भूमिका निभाई थी। यह बहुत ही गंभीर मामला है और प्रधानमंत्री को इस पर मौन धारण रखने का अधिकार नहीं है। सिंह को चिदंबरम की भूमिका के बारे में स्पष्टीकरण देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चतम न्यायालय ने आय कर विभाग से चिदंबरम के बारे में कापरेरेट लाबिस्ट नीरा राडिया और पूर्व दूरसंचार मंत्री ए राजा के बीच फोन पर हुई उस बातचीत को उपलब्ध कराने को कहा है जिसे टैप किया गया था। सीतारमण ने कहा कि 2जी घोटाले में गृह मंत्री की भूमिका की जांच के लिए अदालत में एक याचिका भी दायर की गई है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा, इस मामले में चिदंबरम की संदिग्ध भूमिका के बारे में विभिन्न क्षेत्रों से सवाल उठने के बावजूद प्रधानमंत्री का चुप्पी साधे रखना उचित नहीं है।