यह ख़बर 15 जुलाई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

'चीन से प्रतिस्पर्धा के लिए ऊंची वृद्धि दर की जरूरत'

खास बातें

  • गृह मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि चीन जैसे पड़ोसी देश से मुकाबला करने के लिए 9 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि दर जरूरी है।
नई दिल्ली:

महंगाई पर अंकुश के लिए वृद्धि दर से समझौता करने को लेकर चल रही बहस के बीच गृह मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि चीन जैसे पड़ोसी देश से मुकाबला करने के लिए 9 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि दर जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऊंची आर्थिक वृद्धि दर से न केवल प्रति व्यक्ति आय बढ़ेगी, बल्कि चीन जैसे पड़ोसी देश से मुकाबला भी किया जा सकेगा। चिदंबरम ने कहा, कुछ इस तरह की दलील दी जाती है कि हमें 9 प्रतिशत की वृद्धि दर का प्रयास नहीं करना चाहिए। हमें 7 प्रतिशत का लक्ष्य ही रखना चाहिए। यदि हम 5 से 6 प्रतिशत की वृद्धि दर हासिल करते हैं, तो यह दुर्भाग्यपूर्ण होगा। उन्होंने जोर देकर कहा, हमें इस तथ्य को स्वीकारना होगा कि अन्य बातें जरूरी हैं, पर किसी भी सरकार का प्रमुख उद्देश्य ऊंची वृद्धि दर होना चाहिए। ऊंची आर्थिक वृद्धि दर की वकालत करते हुए चिदंबरम ने कहा कि चीन ने 1990 के दशक में प्रति व्यक्ति आय के मामले में भारत को पीछे छोड़ा था, आज यह अंतर और बड़ा हो चुका है। उन्होंने बताया, चीन ने 1990 में प्रति व्यक्ति आय के मामले में भारत को पीछे छोड़ा था। 2003 में चीन की प्रति व्यक्ति आय भारत से दोगुना हो गई। 2040 तक चीन की प्रति व्यक्ति आय भारत से 3.5 गुना होगी। उस समय भारत में प्रति व्यक्ति आय 24,000 डॉलर होगी जबकि चीन की 85,000 डॉलर। गृह मंत्री ने कहा कि ये आंकड़े सुरक्षा के प्रति भी चिंता बढ़ाएंगे। हमारा पड़ोसी देश हमारी तुलना में सेना, नौसेना, वायुसेना और परमाणु हथियारों पर तीन-चार गुना अधिक खर्च करने में सक्षम होगा।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com