यह ख़बर 26 जुलाई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

राजा के वकील ने 2-जी को राजनीतिक खेल बताया

खास बातें

  • राजा के वकील ने मंगलवार को 2-जी मामले को एक राजनीतिक खेल बताते हुए अपने मुवक्किल की हिफाजत का आग्रह किया।
New Delhi:

पूर्व केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ए. राजा के वकील ने मंगलवार को 2-जी मामले को एक राजनीतिक खेल बताते हुए अपने मुवक्किल की हिफाजत का आग्रह किया। वकील ने कहा कि राजा की सारी कार्रवाई उनके आधिकारिक कर्तव्य का हिस्सा था। राजा के वकील सुशील कुमार ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत में न्यायाधीश ओपी सैनी के समक्ष कहा, "मंत्री (राजा) द्वारा की गई सारी कार्रवाई उनके आधिकारिक कर्तव्य का हिस्सा था और वह हिफाजत पाने के हकदार हैं।"  कुमार ने कहा, "भारत की जनता को संसद में जानकारी दी जा चुकी है कि इस मामले में कोई नुकसान नहीं हुआ है। भारत सरकार का यही पक्ष है।" वकील ने न्यायाधीश से राजा की रिहाई का आग्रह करते हुए अदालत में कहा कि हिरासत और रिमांड के सभी आदेश अवैध थे। कुमार ने सवाल किया कि अपराध दंड संहिता (सीआरपीसी) राजा और आम आदमी के लिए अलग-अलग कैसे हो सकती है। उन्होंने कहा, "आज किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई के लिए मंजूरी की जरूरत होती है। यह एक ऐसा सनसनीखेज मामला बन गया है कि इसमें कोई व्यक्ति कानून का ख्याल ही नहीं कर रहा है।" कुमार ने नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट को बेकार बताया, जिसमें कहा गया है कि 2-जी घोटाले से सरकारी खजाने को भारी नुकसान हुआ है। राजा के वकील ने कहा, "सीएजी की रिपोर्ट में कहीं भी नहीं लिखा हुआ है कि स्पेक्ट्रम की नीलामी की जवाबदेही राजा की थी। सीएजी में काम करने वाले इस लेखाकार के पास कानून का कोई ज्ञान नहीं है.. इस मामले को वह कैसे समझ सकते हैं?" वकील ने कहा, "वह अच्छे लेखाकार हो सकते हैं, लेकिन कानून के स्तर पर वह शून्य हैं।"


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com