खास बातें
- प्रणब ने कहा कि कारोबारी साल 2012-13 के लिए संघीय बजट राज्य विधानसभा चुनावों के बाद नौ मार्च के बाद प्रस्तुत की जाएगी, लेकिन अभी इसके लिए कोई तिथि निश्चित नहीं की गई है।
नई दिल्ली: केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने बुधवार को कहा कि कारोबारी साल 2012-13 के लिए संघीय बजट राज्य विधानसभा चुनावों के बाद नौ मार्च के बाद प्रस्तुत की जाएगी, लेकिन अभी इसके लिए कोई तिथि निश्चित नहीं की गई है।
मुखर्जी ने संवाददाताओं से कहा, "हम तिथि पर विचार कर रहे हैं। हम विधानसभा चुनाव सम्पन्न होने के बाद बजट प्रस्तुत करेंगे। नौ मार्च तक चुनाव आचार संहिता लागू रहेगा।"
आम तौर पर हर साल फरवरी के आखिरी दिन आम बजट प्रस्तुत किया जाता है।
पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों के मद्देनजर बजट प्रस्तुत होने में देरी होना निश्चित है।
चुनाव के बाद 10 और 11 मार्च को सप्ताहांत पड़ता है इसलिए बजट सत्र 12 मार्च से ही शुरू होने की सम्भावना है।
आम बजट से पहले रेल बजट और आर्थिक सर्वेक्षण प्रस्तुत किया जाता है इसलिए आम बजट 15 मार्च के बाद ही प्रस्तुत किया जा सकता है।
पांच राज्यों उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में 28 जनवरी और तीन मार्च के बीच विधानसभा चुनाव होना है। मतगणना चार मार्च को होगी।