खास बातें
- अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के मद्देनजर सरकारी तेल कंपनियों ने महीने में दूसरी बार विमान ईंधन कीमतें घटाईं।
नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के मद्देनजर सरकारी तेल कंपनियों ने महीने में दूसरी बार गुरुवार को विमान ईंधन कीमतें घटाईं। इंडियन ऑयल कार्प के एक अधिकारी ने कहा कि एवियेशन टर्बाईन फ्यूल (एटीएफ) की कीमत दिल्ली के टी3 हवाईअड्डे पर आज से 429 रुपए प्रति किलोलीटर या 0.75 फीसद घटाकर 56,260 रुपए प्रति किलोलीटर कर दी गई है। कंपनियों ने 16 अगस्त को विमान ईंधन की कीमत में दो फीसद या 1,156 रुपए प्रति किलोलीटर की कमी की थी। जेट ईंधन किसी भी विमानन कंपनी की परिचालन लागत का 40 फीसद हिस्सा होता है। मुंबई में एटीएफ की कीमत 446 रुपए प्रति किलोलीटर घटकर 56,978 रुपए प्रति लीटर होगी जबकि पहले यह 57,424 रुपए प्रति लीटर थी। आईओसी और अन्य सरकारी कंपनियां, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कापरेरेशन (एचपीसीएल) और भारत पेट्रोलियम कापरेरेशन (बीपीसीएल) अंतरराष्ट्रीय कीमत के आधार पर हर महीने पहली और 16 तारीख को जेट ईंधन की कीमतों की समीक्षा करती हैं।