खास बातें
- डाऊ जोंस में लगातार छठे दिन गिरावट दर्ज की गई और यह 96.87 या 0.79 फीसदी की गिरावट के साथ 12,143.24 पर बंद हुआ।
न्यूयार्क: अमेरिका की कारोबारी गतिविधियों में सुस्ती के संकेतों और कर्ज सीमा को बढ़ाए जाने सम्बंधी फैसले की समय सीमा के नजदीक आने के बीच गत कारोबारी सप्ताह में अमेरिकी शेयर बाजारों में साल की सबसे बड़ी गिरावट देखी गई। डाऊ जोंस में लगातार छठे दिन गिरावट दर्ज की गई और यह 96.87 या 0.79 फीसदी की गिरावट के साथ 12,143.24 पर बंद हुआ। स्टैंडर्ड एंड पुअर्स 500 में लगातार पांचवें दिन गिरावट दर्ज की गई और यह 0.65 फीसदी गिरावट के साथ 1,292.28 पर बंद हुआ। नास्डाक कम्पोजिट इंडेक्स 0.36 फीसदी गिरावट के साथ 2,756.38 पर बंद हुआ। पिछले सप्ताह डाऊ जोंस और एस एंड पी 500 में चार फीसदी की गिरावट दर्ज की गई, जो पिछले एक साल में सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट है। उल्लेखनीय है कि अमेरिका में कर्ज सीमा को बढ़ाए जाने के लिए हो रही चर्चा में कोई सकारात्मक संकेत नहीं मिला है। निवेशकों का मानना है कि अमेरिकी कांग्रेस में दो अगस्त की समय सीमा के भीतर कर्ज सीमा को बढ़ाने को लेकर सकारात्मक सहमति नहीं बन पाएगी। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कांग्रेस से अनुरोध किया है कि एक बड़े आर्थिक संकट से अमेरिका को बचाने के लिए सीमा बढ़ाने के लिए जल्द-से-जल्द सहमति बनाए। उन्होंने कहा कि अब इसके लिए समय लगभग समाप्त हो चुका है। निवेशकों का मानना है कि कांग्रेस में भले ही सीमा बढ़ाने को लेकर सहमति बन जाए, लेकिन अमेरिका की शाख में गिरावट आना तय है। वाणिज्य विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक साल की दूसरी तिमाही में अमेरिका का आर्थिक विकास 1.3 फीसदी की रफ्तार से हुआ, जो उम्मीद से कम है। यही नहीं पहली तिमाही की विकास दर में भी संशोधन किया गया और इसे 1.7 फीसदी से घटाकर 0.4 फीसदी किया गया।