यह ख़बर 15 सितंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

बोइंग 787 खरीदने के इरादे पर कायम है एयर इंडिया

खास बातें

  • एयर इंडिया अपने विस्तार कार्यक्रम के तहत बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान के अधिग्रहण के लिये आगे कदम बढ़ाएगी और इसके लिए सरकार से मंजूरी मांगेगी।
नई दिल्ली:

एयर इंडिया अपने विस्तार कार्यक्रम के तहत बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान के अधिग्रहण के लिये आगे कदम बढ़ाएगी और इसके लिये सरकार से मंजूरी मांगेगी। ऐसा समझा जाता है कि एयर इंडिया के निदेशक मंडल की आज हुई बैठक में इस आशय का निर्णय किया गया। यह निर्णय ऐसे समय किया गया है जब नागर विमानन मंत्री व्यालार रवि ने बयान में कहा है कि वित्तीय संकट से जूझ रही एयरलाइन के पास बड़े पैमाने पर अधिग्रहण के लिये पर्याप्त धन नहीं है। सूत्रों के अनुसार एयरलाइन ने 27 बोइंब 787 का आर्डर दिया है और बोइंग के कारखाने के इस अत्याधुनिक विमान की भारत को डिलीवरी इस वर्ष के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है। वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी की अध्यक्षता वाला मंत्रियों के समूह द्वारा इस संबंध में अंतिम निर्णय लिये जाने की संभावना है। मंत्री समूह एयर इंडिया की वित्तीय स्थिति में सुधार योजना की समीक्षा कर रहा है। एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में निदेशक मंडल ने एयरलाइन की नकदी स्थिति तथा सरकार की तरफ से पैसा डाले जाने की समीक्षा की गयी। एयर इंडिया को 2011-12 में अब तक सरकार से शेयर पूंजी के रूप में 1,200 करोड़ रुपये मिले हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com