खास बातें
- एयर इंडिया की 270 उड़ानें रद्द हो चुकी हैं, और उसने यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए बोइंग-777 विमान उड़ाने का फैसला किया है।
New Delhi: एयर इंडिया के पायलटों की हड़ताल तीसरे दिन में पहुंच गई है, और यात्रियों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। एयर इंडिया नेटवर्क की 320 में से करीब 270 उड़ानें रद्द हो चुकी हैं। इस बीच एयर इंडिया ने हड़ताली पायलटों को शुक्रवार शाम पांच बजे तक काम लौट आने या बर्खास्तगी झेलने की धमकी दी है, परंतु उसका कोई असर पायलटों पर होता नहीं दिख रहा है। वे अब भी अपनी बात पर अड़े हुए हैं कि वे 'गैर-दोस्ताना' माहौल में अपने काम पर नहीं लौटेंगे, जब तक उन्हें इस बात का आश्वासन नहीं दिया जाता कि उनकी तनख्वाहें बढ़ाने के लिए एक निश्चित समयसीमा के भीतर समीक्षा की जाएगी। दूसरी ओर, खबर है कि यात्रियों की दिक्कतों को देखते हुए एयर इंडिया अपने सबसे व्यस्त रूट दिल्ली-मुंबई के बीच बड़े विमान बोइंग-777 विमान उड़ाएगी, जो एक आम विमान से कहीं ज्यादा यात्रियों को ले जा सकता है। बोइंग-777 का इस्तेमाल आमतौर पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में किया जाता है, लेकिन हड़ताल से यात्रियों को हो रही दिक्कतों केचलते एयर इंडिया ने यह फैसला किया। इस बीच, हड़ताल को देखते हुए एयर इंडिया ने अगले पांच दिन, यानि 3 मई तक टिकट बुकिंग पर भी रोक लगा दी है। उधर, हवाई यात्रियों की मुश्किलों को कम करने के उद्देश्य से रेलवे ने भी नई दिल्ली से मुंबई और सियालदह से मुंबई के लिए राजधानी जैसी विशेष ट्रेनें शुरू की हैं।