खास बातें
- एयर इंडिया में फिर से जान फूंकने के लिए सरकार ने 1200 करोड़ रुपये की अतिरिक्त इक्विटी पूंजी डालने के प्रस्ताव पर रजामंदी जताई है।
नई दिल्ली: कर्ज और घाटे से जूझ रही एयर इंडिया में फिर से जान फूंकने के लिए सरकार ने 1200 करोड़ रुपये की अतिरिक्त इक्विटी पूंजी डालने के प्रस्ताव पर रजामंदी जताई है। वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी की अध्यक्षता वाले मंत्रिसमूह ने इसके अलावा वीवीआईपी और राहत कार्यों के लिए उड़ान भरने के बदले करीब 532 करोड़ रुपये के भुगतान को भी हरी झंडी दे दी है। मंत्रिसमूह का ये फ़ैसला प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के उस बयान के बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि वे वित्तमंत्री से कहेंगे कि वो एयर इंडिया को आर्थिक संकट से उबारने के लिए खाका तैयार करें। इस वक्त एयर इंडिया पर करीब 67 हज़ार करोड़ रुपये के भारी घाटे और कर्ज का बोझ है।