यह ख़बर 25 अप्रैल, 2011 को प्रकाशित हुई थी

2-जी : सीबीआई ने कनिमोई को बनाया सह आरोपी

खास बातें

  • 2-जी घोटाले में सीबीआई ने करुणानिधि की बेटी कनिमोई को सहआरोपी बनाया है लेकिन इस चार्जशीट में पत्नी दयालु अम्मल का नाम नहीं है।
नई दिल्ली:

2-जी घोटाले के मामले में सीबीआई ने करुणानिधि की बेटी कनिमोई को सहआरोपी बनाया है लेकिन इस चार्जशीट में करुणानिधि की पत्नी दयालु अम्मल का नाम नहीं है। कनिमोई डीएमके सांसद हैं और कलाईगनार टीवी में उनकी 20 प्रतिशत हिस्सेदारी है। सीबीआई ने यह चार्जशीट पटियाला हाउस कोर्ट में दायर की है।सीबीआई का कहना है कि 2−जी घोटाले में फंसे स्वान टेलीकॉम ने डीएमके के टीवी चैनल कलाईगनार के खाते में 214 करोड़ रुपये पहुंचाए। ये पैसा डीबी रियलिटी ग्रुप की कंपनी कुसेगांव फ्रूट्स लिमिटेड और सिनेयुग फ़िल्म्स लिमिटेड के जरिये चैनल तक पहुंचा। दूसरी ओर कलाईगनार टीवी का कहना है कि ये रिश्वत नहीं, बल्कि लोन था, जिसे ब्याज के साथ बाद में लौटा दिया गया। कनिमोई ने अपना बचाव करते हुए कहा है कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है। वहीं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम करुणानिधि ने एनडीटीवी से कहा है कि अगर डीएमके के कुछ और सदस्यों के नाम आते हैं तो भी वह केन्द्र के सामने कोई मुश्किलें नहीं खड़ी करेंगे।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com