बॉलीवुड सितारों के आलीशान घरों की झलक अक्सर सोशल मीडिया पर देखने को मिल जाती है. इस बार बारी है 'वेलकम टू द जंगल' में नजर आने वाले अभिनेता श्रेयस तलपड़े के घर की, जिसकी एक झलक फराह खान ने अपने व्लॉग में दिखाई. घर में कदम रखते ही सबसे पहले नजर पड़ती है बड़े और खूबसूरती से सजे लिविंग रूम पर, जहां लगा पारंपरिक झूला पूरे इंटीरियर का आकर्षण बन जाता है. वहीं किचन में बना छोटा सा मंदिर भी लोगों का ध्यान खींचता है.
ये भी पढ़ें: केजीएफ और कांतारा के मेकर्स के साथ साउथ के सिंघम ने मिलाया हाथ, जमकर करेंगे एक्शन
फराह खान जैसे ही घर में पहुंचती हैं, कैमरा सीधे विशाल लिविंग एरिया की ओर घूमता है. हल्के रंगों से सजा यह हिस्सा काफी खुला और रोशनी से भरपूर नजर आता है. कमरे के बीचोंबीच लगा लकड़ी का झूला पूरे स्पेस को पारंपरिक और सुकूनभरा लुक देता है.
किचन में दिखा छोटा सा मंदिर
घर का मॉड्यूलर किचन भी वीडियो में नजर आता है. यहीं एक कोने में बना छोटा सा मंदिर दिखाई देता है, जहां नियमित पूजा की व्यवस्था की गई है. आधुनिक किचन के बीच यह धार्मिक कोना घर की सादगी और पारिवारिक माहौल की झलक देता है. वीडियो में श्रेयस तलपड़े की पत्नी दीप्ति किचन में खाना बनाती नजर आती हैं. इस दौरान वह एक पुराने पीतल के बर्तन के बारे में बताती हैं, जो उन्हें उनकी बुआ सास से मिला था और कई सालों से घर में इस्तेमाल हो रहा है. यह हिस्सा घर को सिर्फ आलीशान ही नहीं, बल्कि इमोशनल यादों से भी जुड़ा हुआ दिखाता है.
घर में ही जुटी 'मर्दिनी' की पूरी टीम
फराह खान के इस व्लॉग में बाद में श्रेयस तलपड़े की फिल्म 'मर्दिनी' की टीम भी उनके घर पहुंचती है. बातचीत के दौरान श्रेयस अपनी फिल्म 'द इंडिया स्टोरी' का भी जिक्र करते हैं, जिसमें वह काजल अग्रवाल के साथ नजर आएंगे. इसके बाद सभी साथ बैठकर खाना खाते हैं और फिल्मों से जुड़े कई दिलचस्प किस्से शेयर करते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं