विज्ञापन

‘कॉल मी बे’ के दूसरे सीजन में अनन्या पांडे के साथ रोमांस करते दिखेंगे विहान समत, नए गाने ‘तू कह दे तो’ की झलक आई सामने

ओटीटी सीरीज ‘कॉल मी बे’ के दूसरे सीजन को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ने लगी है. सीरीज के नए सीजन में एक बार फिर अनन्या पांडे अपनी भूमिका में नजर आएंगी.

‘कॉल मी बे’ के दूसरे सीजन में अनन्या पांडे के साथ रोमांस करते दिखेंगे विहान समत, नए गाने ‘तू कह दे तो’ की झलक आई सामने
‘कॉल मी बे’ के दूसरे सीजन में अनन्या पांडे के साथ रोमांस करते दिखेंगे विहान समत
NDTV

ओटीटी सीरीज ‘कॉल मी बे' के दूसरे सीजन को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ने लगी है. सीरीज के नए सीजन में एक बार फिर अनन्या पांडे अपनी भूमिका में नजर आएंगी. इसी बीच अभिनेता विहान समत ने सीरीज के एक नए गाने ‘तू कह दे तो' की शूटिंग के दौरान की कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए हैं. इन झलकियों में वह अनन्या पांडे के साथ नजर आ रहे हैं. दोनों के बीच गाने में दिखने वाली सहज केमिस्ट्री और रोमांटिक अंदाज ने इस ट्रैक को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है.

अनुव जैन ने ओटीटी के लिए पहली बार गाना

‘तू कह दे तो' को गायक और गीतकार अनुव जैन ने लिखा और अपनी आवाज दी है. यह एक रोमांटिक गाना है, जिसमें प्यार के शुरुआती एहसास, झिझक और भावनाओं को संगीत के जरिए सामने लाने की कोशिश की गई है. खास बात यह है कि इस गाने के साथ अनुव जैन ने किसी ओटीटी प्रोजेक्ट के लिए पहली बार गाना गाया है. गाने की शूटिंग के दौरान का माहौल भी काफी खास नजर आ रहा है. साझा की गई झलकियों में एक पार्टी के बीच अनन्या और विहान साथ डांस करते और एक-दूसरे के साथ वक्त बिताते दिखाई देते हैं.

विहान ने इंस्टाग्राम पर गाने और शूटिंग के अनुभव को लेकर अपनी बात भी रखी. उन्होंने लिखा, “कॉल मी बे का सीजन शुरू हो गया है.” उन्होंने सीरीज के निर्माता कॉलिन डी'कुन्हा, धर्माटिक एंटरटेनमेंट और प्राइम वीडियो का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि दूसरे सीजन को पहले से बड़े स्तर पर तैयार किया गया है और वह दर्शकों को इसे दिखाने का इंतजार कर रहे हैं.

विहान ने गाने पर क्या कहा

गाने के बारे में विहान ने लिखा, “मुझे यह गाना सचमुच बहुत पसंद है. इस ट्रैक के लिए अनुव जैन की दुनिया का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद खास अनुभव था. ‘तू कह दे तो' एक खास तरह की खामोश भावना को सामने लाता है और अनन्या पांडे के साथ उस एहसास को साझा करना बेहद सहज रहा. गाने की सादगी ने मुझे अपनी ओर आकर्षित किया. जब हमने इसे सेट पर सुना तो हम भी इसके दीवाने हो गए. डांस के दौरान हमारे मूवमेंट भी स्वाभाविक और भावनाओं से भरे हुए थे. हम चाहते थे कि गाने की सादगी ही सबसे ज्यादा उभरकर सामने आए.”

‘कॉल मी बे' के पहले सीजन को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था. ऐसे में दूसरे सीजन में कहानी किस दिशा में आगे बढ़ती है और अनन्या पांडे तथा विहान समत के किरदारों के रिश्ते में क्या बदलाव देखने को मिलते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा. कॉलिन डी'कुन्हा के निर्देशन में बनी इस सीरीज का निर्माण धर्माटिक एंटरटेनमेंट ने किया है. इसका दूसरा सीजन 17 दिसंबर को प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगा.

विहान के पास हैं कई दूसरे प्रोजेक्ट

‘कॉल मी बे 2' के अलावा विहान समत के पास कुछ और दिलचस्प प्रोजेक्ट भी हैं. वह नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘द रॉयल्स' के दूसरे सीजन में भी नजर आएंगे, जिसकी शूटिंग फिलहाल चल रही है. इसके अलावा वह ‘मिसमैच्ड' के आखिरी सीजन में हर्ष के अपने चर्चित किरदार को दोबारा निभाते दिखाई देंगे. सीरीज में उनके किरदार को मिले रिस्पॉन्स के बाद नेटफ्लिक्स ने उन्हें अंतिम सीजन के लिए वापस लाने का फैसला किया है. इस तरह आने वाले समय में विहान एक बार फिर ओटीटी पर अलग-अलग किरदारों के साथ दर्शकों के सामने होंगे.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Call Me Bae, Call Me Bae 2, Call Me Bae 2 Release Date, Call Me Bae Actor, Call Me Bae On Prime
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com