बॉलीवुड में अक्सर कहा जाता है कि बड़ी कमाई के लिए बड़े हीरो की जरूरत होती है. लेकिन 15 साल पहले एक ऐसी फिल्म आई जिसने इस सोच को पूरी तरह बदल दिया. रिलीज से पहले ही इस फिल्म ने डिजिटल दुनिया में इतिहास रच दिया. इसका ट्रेलर यूट्यूब पर आते ही लाखों लोगों ने देख डाला, जबकि उस वक्त ऑनलाइन ट्रेलर देखने का ट्रेंड नया नया था. ऐसा करने वाली इंडियन सिनेमा की ये पहली फिल्म है. इसके बाद सिनेमाघरों में फिल्म ने ऐसा तूफान मचाया कि लोग हीरो को नहीं, बल्कि उसकी लीड एक्ट्रेस को ही फिल्म का असली स्टार कहने लगे.
ट्रेलर आते ही मच गया था बवाल
हम बात कर रहे हैं 'द डर्टी पिक्चर' की. मिलन लुथरिया के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म ने रिलीज से पहले ही एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया था. 26 अगस्त 2011 को इसका फर्स्ट लुक और टीजर ऑनलाइन लॉन्च किया गया. इसके बाद यूट्यूब पर रिलीज हुए ट्रेलर को कुछ ही दिनों में 8.8 लाख से ज्यादा व्यूज मिले. उस दौर में ओटीटी पर ट्रेलर रिलीज करने का कोई चलन नहीं था. तब लोगों ने इस ट्रेलर को इतना प्यार दिया. उस वक्त ये आंकड़ा किसी रिकॉर्ड से कम नहीं था. 2 दिसंबर 2011 को रिलीज हुई इस फिल्म में विद्या बालन, इमरान हाशमी, नसीरुद्दीन शाह और तुषार कपूर नजर आए. हालांकि रिलीज के बाद सबसे ज्यादा चर्चा किसी हीरो की नहीं, बल्कि विद्या बालन की हुई. फिल्म के बोल्ड डायलॉग, दमदार कहानी और 'ऊ ला ला' जैसे सुपरहिट गाने ने इसे हर तरफ चर्चा का विषय बना दिया.

18 करोड़ की फिल्म ने कमाए 117 करोड़
करीब 18 करोड़ रुपये के बजट में बनी 'द डर्टी पिक्चर' ने बॉक्स ऑफिस पर 117 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की. चौथे हफ्ते में बॉक्स ऑफिस इंडिया ने इसे ऑफिशियली ब्लॉकबस्टर डिक्लेयर कर दिया. उस समय किसी हीरोइन लीड वाली फिल्म का इस कदर हिट होना बहुत बड़ी बात थी. फिल्म की सबसे बड़ी जीत विद्या बालन की परफॉर्मेंस रही. क्रिटिक्स ने भी उन्हें फिल्म का असली हीरो बताया. उनकी एक्टिंग ने ये साबित कर दिया कि शानदार कहानी और दमदार अदाकारी के दम पर एक एक्ट्रेस अकेले भी फिल्म को सुपरहिट बना सकती है. विद्या को इस रोल के लिए नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला, जबकि फिल्म ने फिल्मफेयर और स्क्रीन अवॉर्ड्स में भी कई बड़े खिताब अपने नाम किए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं