विज्ञापन
This Article is From Apr 23, 2025

टाइगर श्रॉफ के मर्डर की सुपारी की झूठी खबर फैलाने वाला गिरफ्तार, सैलरी ना मिलने की वजह से था परेशान, कंपनी के खिलाफ रची साजिश

आरोपी ने पुलिस को बताया कि सिक्योरिटी कंपनी ट्रिग के कुछ लोग एक्टर टाइगर श्रॉफ की हत्या करने जा रहे हैं. उनकी हत्या के लिए हथियार और दो लाख की सुपारी भी दी गई है.

टाइगर श्रॉफ के मर्डर की सुपारी की झूठी खबर फैलाने वाला गिरफ्तार, सैलरी ना मिलने की वजह से था परेशान, कंपनी के खिलाफ रची साजिश
पकड़ा गया टाइगर को जान से मारने की धमकी की झूठी खबर देने वाला
Social Media
नई दिल्ली:

बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ को जान से मारने की धमकी के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है. मुंबई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. दरअसल आरोपी ने पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल कर गलत सूचना दी थी कि एक्टर को मारने के लिए 2 लाख रुपये दिए गए थे. आरोपी की पहचान 35 वर्षीय मनीष कुमार सुजिंदर सिंह के रूप में हुई और वो मूल रूप से पंजाब का रहने वाला है. वह मुंबई में बतौर सिक्योरिटी गार्ड काम करता था. वह तनख्वाह न मिलने के कारण अपने मैनेजर और सुपरवाइजर पर काफी गुस्सा था और उनसे बदला लेना चाहता था. इसके लिए उसने यह कदम उठाया और मुंबई पुलिस को बताया कि इन्हीं दोनों ने टाइगर श्रॉफ को मारने की सुपारी दी है.

आरोपी ने पुलिस को बताया कि सिक्योरिटी कंपनी ट्रिग के कुछ लोग एक्टर टाइगर श्रॉफ की हत्या करने जा रहे हैं. उनकी हत्या के लिए हथियार और दो लाख की सुपारी भी दी गई है. इस फोन कॉल के बाद पुलिस हरकत में आई और फौरन जांच शुरू कर दी. जांच में जब सूचना को गलत पाया गया तो आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज हुआ और उसे पंजाब के कपूरथला से हिरासत में लिया गया. फिलहाल पूछताछ जारी है.

आए दिन अभिनेताओं को जान से मारने की धमकी मिलती रही है. इस लिस्ट में सबसे पहला नाम बॉलीवुड एक्टर सलमान खान का आता है. सलमान को भी कंट्रोल रूम में इसी तरह की धमकी भरी कॉल आई थी. उन्हें कई बार गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उनके गैंग की तरफ से जान से मारने की धमकी मिल चुकी है. उनके मुंबई स्थित घर में दो बाइक सवारों ने फायरिंग भी की थी जिसके बाद उनकी सुरक्षा को बढ़ा दिया गया.

टाइगर श्रॉफ की बात करें तो उन्होंने साल 2014 में फिल्म 'हीरोपंती' से करियर की शुरुआत की थी. इस फिल्म में उनके साथ एक्ट्रेस कृति सेनन नजर आई थीं. दोनों की केमिस्ट्री को काफी पसंद किया गया. इसके बाद वह 'बागी' में नजर आए, जिसमें उन्होंने अपने स्टंट और फाइट सीक्वेंस से लोगों को अपना दीवाना बना दिया. इसके अलावा, उन्होंने 'ए फ्लाइंग जट्ट', 'मुन्ना माइकल', 'हीरोपंती 2', 'वॉर', 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर', 'गणपत', 'बागी-2', 'बागी 3' और 'सिंघम अगेन' जैसी फिल्मों के जरिए बॉलीवुड में स्टारडम हासिल किया. वह अब 'बागी 4' की तैयारियों में जुटे हैं.
 

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bollywood News, Entertainment News, Hindi Movies News, Assassination, Bollywood, Death Threat, Fake, Man Arrested, Mumbai Police, News, Punjab, Tiger Shroff, Tiger Shroff Death Threat
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com