विज्ञापन

55 साल से बैन थी ये फिल्म, बोल्ड और धार्मिक भावनाएं आहत करने वाले सीन के चक्कर में हुआ विवाद, अब होगी रिलीज

1971 में रिलीज हुई विवादित हॉरर फिल्म अब 55 साल बाद अपने अनकट डायरेक्टर कट के साथ लौट रही है. कभी कई देशों में बैन हुई ये फिल्म अब 4K क्वालिटी में रिलीज की जाएगी.

55 साल से बैन थी ये फिल्म, बोल्ड और धार्मिक भावनाएं आहत करने वाले सीन के चक्कर में हुआ विवाद, अब होगी रिलीज
55 साल बाद देख सकेंगे इस फिल्म का असल वर्जन
Social Media
नई दिल्ली:

हॉरर फिल्मों की दुनिया में कुछ फिल्में सिर्फ डर की वजह से नहीं, बल्कि अपने विवादों की वजह से भी इतिहास बन जाती हैं. साल 1971 में रिलीज हुई ‘द डेविल्स' ऐसी ही एक फिल्म थी जिसने आते ही पूरी दुनिया में तहलका मचा दिया था. फिल्म के कुछ सीन इतने बोल्ड, हिंसक और चौंकाने वाले माने गए कि कई देशों में इसे बैन कर दिया गया. रिलीज के वक्त इस पर भारी कट्स लगाए गए और दर्शकों को इसका फुल वर्जन कभी देखने को नहीं मिला. लेकिन अब 55 साल बाद ये फिल्म अपने असली और अनकट रूप में वापस लौट रही है. यही वजह है कि हॉरर फिल्मों के फैंस के बीच इसे लेकर जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रही है.

रिलीज होते ही छिड़ गया था बड़ा विवाद

मशहूर डायरेक्टर केन रसेल की इस फिल्म ने 1971 में रिलीज होते ही हंगामा खड़ा कर दिया था. फिल्म में धार्मिक प्रतीकों, डरावने दृश्यों और बोल्ड सीन को बेहद अलग अंदाज में दिखाया गया था. कई लोगों ने इसे उस दौर की सबसे विवादित फिल्मों में से एक बताया. अमेरिका और ब्रिटेन में रिलीज से पहले फिल्म के कई हिस्से हटाए गए जबकि कुछ देशों में इसे पूरी तरह बैन कर दिया गया था.

पहली बार दिखेगा फिल्म का असली वर्जन

अब सालों बाद दर्शकों को वो वर्जन देखने को मिलेगा जिसे केन रसेल असल में दुनिया को दिखाना चाहते थे. फिल्म को 4K क्वालिटी में रीस्टोर किया गया है ताकि इसे पहले से ज्यादा शानदार तरीके से देखा जा सके. इसका वर्ल्ड प्रीमियर इस महीने कान्स फिल्म फेस्टिवल के क्लासिक सेक्शन में होगा. इसके बाद इसे थिएटर और 4K ब्लू-रे में रिलीज किया जाएगा. अमेरिका में इसकी स्पेशल रिलीज 16 अक्टूबर 2026 को रखी गई है.

डर, धर्म और राजनीति का खतरनाक कॉम्बिनेशन

फिल्म की कहानी 17वीं सदी के फ्रांस पर बेस्ड है. इसमें एक पादरी पर जादूटोना और बुरी आत्माओं से जुड़े आरोप लगाए जाते हैं. फिल्म में एक्सॉर्सिज्म, डर और धार्मिक टकराव को बेहद डार्क अंदाज में दिखाया गया है. ऑलिवर रीड और वेनेसा रेडग्रेव की एक्टिंग को आज भी उनके करियर की सबसे दमदार परफॉर्मेंस माना जाता है.

बैन हुई, हटाई गई, फिर भी बन गई कल्ट क्लासिक

दिलचस्प बात ये है कि साल 2010 में फिल्म का एक वर्जन कुछ समय के लिए ऑनलाइन आया था, लेकिन उसे जल्दी हटा दिया गया. इसके बावजूद फिल्म को लेकर लोगों की दिलचस्पी कम नहीं हुई. धीरे-धीरे ‘द डेविल्स' हॉरर सिनेमा की सबसे चर्चित और रहस्यमयी फिल्मों में गिनी जाने लगी. अब इतने साल बाद दर्शकों को आखिरकार इसे उसके असली रूप में देखने का मौका मिलने वाला है.

यह भी पढ़ें: थलापति विजय के शपथ ग्रहण समारोह में तृषा कृष्णन ने कॉपी किया ऐश्वर्या राय का 26 साल पुराना लुक! इंटरनेट पर वायरल हो रही ये तस्वीरें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com