पाक महीने रमजान की शुरुआत के साथ ही हर तरफ इबादत, सब्र और नेकी का माहौल देखने को मिल रहा है. इस मुकद्दस महीने में आम लोगों के साथ-साथ फिल्मी सितारे भी रोजा रखकर खुद को आध्यात्मिक रूप से मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं. हिंदी सिनेमा की दिग्गज अदाकारा फरीदा जलाल भी इस बार रमजान के महीने में पूरी श्रद्धा के साथ रोजे रख रही हैं, भले ही उम्र अब 76 साल हो चुकी है. हाल ही में एक बातचीत के दौरान फरीदा जलाल ने बताया कि उनके घर में रमजान का खास महत्व है और परिवार के ज्यादातर लोग रोजा रखते हैं.
फरीदा जलाल रख रही हैं रोजा
उन्होंने कहा कि यह महीना सिर्फ भूखे रहने का नहीं, बल्कि खुद पर काबू रखने और इंसानियत को समझने का होता है. उनके मुताबिक रमजान हमें सिखाता है कि गुस्से पर कंट्रोल करें, दूसरों से प्यार करें और जरूरतमंदों की मदद करें. हालांकि, बढ़ती उम्र की वजह से उनके लिए रोजा रखना आसान नहीं है. उन्होंने माना कि कई बार तबीयत साथ नहीं देती और डॉक्टर भी उन्हें रोजा न रखने की सलाह देते हैं. लेकिन इसके बावजूद वह जितना संभव हो सके, रोजे रखने की कोशिश करती हैं. उनका कहना है कि इबादत में सच्ची नीयत सबसे ज्यादा मायने रखती है.
यह भी पढ़ें: इमरान खान संग रिश्ते को 'लव जिहाद' कहने पर लेखा वाशिंगटन का करारा जवाब, बोलीं- सच्चाई कुछ और है
सलीम खान से चाहती हैं मिलना
बातचीत के दौरान उन्होंने मशहूर लेखक सलीम खान का भी जिक्र किया, जिनकी तबीयत इन दिनों ठीक नहीं है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह खबर सुनकर फरीदा जलाल काफी चिंतित नजर आईं. उन्होंने कहा कि उन्हें सलीम खान की सेहत की फिक्र हो रही है और मैं रमजान के महीने में उनके लिए भी दुआ कर रही हूं. इतना ही नहीं, फरीदा जल्द ही उनसे मिलने अस्पताल भी जाना चाहती हैं. गौरतलब है कि फरीदा जलाल और सलीम खान का जुड़ाव पुराना है. उन्होंने याद किया कि सलीम-जावेद की लिखी फिल्म मजबूर में उन्हें काम करने का मौका मिला था, जिसके लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार भी मिला. वह उस दौर को याद करते हुए कहती हैं कि फिल्म की स्क्रिप्ट बेहद शानदार थी और उनका किरदार भी काफी मजबूत था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं