बॉलीवुड में मल्टीस्टारर फिल्मों का दौर नया नहीं है, लेकिन साल 1976 में रिलीज हुई ‘नागिन' ने इस ट्रेंड को बिल्कुल अलग पहचान दी थी. निर्माता-निर्देशक राजकुमार कोहली ने ऐसी फिल्म बनाई, जिसमें एक-दो नहीं बल्कि 11 बड़े सितारे एक साथ नजर आए. सबसे दिलचस्प बात यह रही कि फिल्म के पांच बड़े हीरो खलनायक के किरदार में दिखाई दिए, जबकि पूरी कहानी एक अकेली हीरोइन के इर्द-गिर्द घूमती थी. रीना रॉय ने अपने दमदार अभिनय से फिल्म को नई ऊंचाई दी और रातोंरात स्टार बन गईं. शानदार कहानी, यादगार संगीत और बेहतरीन प्रस्तुतिकरण की बदौलत ‘नागिन' बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई. इस फिल्म की सफलता ने आगे चलकर बॉलीवुड में नाग-नागिन पर आधारित कई फिल्मों और टीवी शोज की राह भी खोल दी.
फ्रेंच उपन्यास से प्रेरित थी कहानी
19 जनवरी 1976 को रिलीज हुई ‘नागिन' एक हॉरर-फैंटेसी थ्रिलर फिल्म थी. इसका निर्देशन और निर्माण राजकुमार कोहली ने किया था, जबकि कहानी राजेंद्र सिंह ने लिखी थी. फिल्म का स्क्रीनप्ले जग्गीराम पॉल और चरणदास शोख ने तैयार किया था. इसकी मूल प्रेरणा 1963 में प्रकाशित फ्रेंच उपन्यास ‘The Bride Wore Black' से ली गई थी. उपन्यास में एक महिला अपने पति की हत्या करने वाले पांच लोगों से बदला लेती है. इसी मूल विचार को भारतीय दर्शकों के अनुरूप नाग-नागिन की पृष्ठभूमि में ढालकर पेश किया गया. यही वजह रही कि फिल्म का विषय उस दौर के लिए बिल्कुल नया और रोमांचक माना गया. बाद में ‘नगीना', ‘निगाहें', ‘शेषनाग', ‘नागमणि', ‘तुम मेरे हो' और ‘जानी दुश्मन' जैसी कई फिल्मों में इसी तरह की कहानी की झलक देखने को मिली.
11 सितारों से सजी फिल्म
‘नागिन' में सुनील दत्त, जीतेंद्र, फिरोज खान, संजय खान, कबीर बेदी, अनिल धवन, योगिता बाली, रेखा, मुमताज और रीना रॉय समेत कई बड़े कलाकार नजर आए. फिल्म का संगीत लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने तैयार किया था. ‘तेरे संग प्यार में नहीं तोड़ना' और ‘तेरे इश्क का मुझपे हुआ ये असर है' जैसे गीत आज भी पसंद किए जाते हैं. खास बात यह रही कि ‘तेरे संग प्यार में नहीं तोड़ना' के तीन अलग-अलग संस्करण फिल्म में शामिल किए गए थे. करीब 90 लाख रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 7 करोड़ रुपये का कारोबार किया और 1976 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में तीसरे स्थान पर रही.
जब बड़ी हीरोइनों ने ठुकराई फिल्म
‘द कपिल शर्मा शो' में रीना रॉय ने खुलासा किया था कि इस फिल्म का ऑफर पहले कई बड़ी अभिनेत्रियों के पास गया था, लेकिन सभी ने इसे करने से इनकार कर दिया. उनके मुताबिक, रेखा से लेकर आशा पारेख तक कई नामी अभिनेत्रियों ने फिल्म छोड़ दी थी. इसके बाद राजकुमार कोहली उनके पास पहुंचे. रीना रॉय ने बताया कि उनकी मां भी इस फिल्म को लेकर राजी नहीं थीं, क्योंकि उन्हें लगा कि बेटी पर्दे पर लोगों को डसने वाली नागिन का किरदार निभाएगी. हालांकि, रीना को किरदार इतना पसंद आया कि उन्होंने तुरंत हामी भर दी. फिल्म रिलीज होने के बाद वह रातोंरात स्टार बन गईं.
यह भी पढ़ें: वेलकम टू द जंगल में दिखा दूरदर्शन की महाभारत का कनेक्शन, फर्स्ट डे फर्स्ट शो पर खुला राज
उन्होंने यह भी बताया था कि ‘नागिन' की सफलता के बाद लोग उन्हें देखकर डरने लगे थे. शूटिंग के दौरान जहां फैंस उनके पास आ जाते थे, वहीं फिल्म के बाद कई लोग उन्हें देखकर दूर हट जाते थे. दिलचस्प बात यह है कि रीना रॉय ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि उन्हें असली सांपों से नहीं, बल्कि इंसानों से ज्यादा डर लगता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं