Sumo Didi Trailer Out: भारतीय सिनेमा में खेलों पर आधारित कहानियां अक्सर खिलाड़ियों के संघर्ष और उनकी जीत की कहानी कहती हैं. लेकिन क्या हो, जब किसी खिलाड़ी की सबसे बड़ी ताकत वही बन जाए, जिसे दुनिया उसकी कमजोरी समझती हो? ऐसी ही एक प्रेरणादायक कहानी लेकर आ रही है फिल्म 'सूमो दीदी', जिसका ट्रेलर रिलीज हो गया है. भारत की पहली प्रोफेशनल महिला सूमो पहलवान हेतल दवे की जिंदगी से प्रेरित यह फिल्म महिलाओं की पहचान, आत्मविश्वास और सामाजिक रूढ़ियों को चुनौती देने की कहानी है.
'सूमो दीदी' का प्रीमियर 23 अक्तूबर 2026 को ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 (हिंदी) पर होगा. फिल्म का निर्देशन जयंत रोहतगी ने किया है. लीड रोल में श्रियम भगनानी हैं. बता दें कि इससे पहले लड़कियों को लेकर क्रिकेट, बैडमिंटन और कुश्ती को लेकर फिल्में बन चुकी हैं. लेकिन यह पहला मौका है जब इस तरह के विषय को छुआ गया है.
क्या है ‘सूमो दीदी' की कहानी?
'सूमो दीदी' की कहानी हेतल दवे के उस सफर को दिखाती है, जिसमें एक महिला समाज की तय की गई सीमाओं को पीछे छोड़कर अपनी अलग पहचान बनाने निकल पड़ती है. एक रूढ़िवादी मारवाड़ी परिवार से आने वाली हेतल के लिए सूमो कुश्ती का रास्ता चुनना आसान नहीं था. महिलाओं की शारीरिक बनावट, उनकी ताकत और उनके सपनों को लेकर बनी धारणाओं के बीच हेतल अपने जुनून को ही अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाती हैं.
फिल्म में दिखाया गया है कि किसी अलग रास्ते को चुनने के लिए सिर्फ प्रतिभा ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और लगातार संघर्ष करने का जज्बा भी जरूरी है. यह कहानी खेल के मैदान से आगे बढ़कर महिलाओं के शरीर, उनकी पसंद और समाज की अपेक्षाओं से जुड़े सवाल भी उठाती है.
श्रियम भगनानी ने निभाया हेतल का किरदार
फिल्म में श्रियम भगनानी ने हेतल दवे की भूमिका निभाई है. यह उनकी पहली लीड फिल्म है. इस किरदार के लिए उन्हें शारीरिक और भावनात्मक, दोनों स्तरों पर तैयारी करनी पड़ी. उनके साथ चैतन्य शर्मा, अनुभा फतेहपुरिया, नितेश पांडे, राघव धीर और मीनल कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.
सूमो दीदी का ट्रेलर
श्रियम ने कहा कि हेतल का किरदार निभाना उनके जीवन के सबसे चुनौतीपूर्ण और संतोषजनक अनुभवों में से एक रहा. उनके मुताबिक, यह कहानी सिर्फ सूमो पहलवान बनने की नहीं, बल्कि उस समय खुद पर भरोसा बनाए रखने की है, जब दुनिया आपको दूसरों से अलग बताती है.
जापान से कोलकाता तक हुई फिल्म की शूटिंग
'सूमो दीदी' को जापान, कोलकाता और मुंबई की वास्तविक लोकेशंस पर शूट किया गया है. फिल्म के डायरेक्टर जयंत रोहतगी के मुताबिक, 'हेतल की जिंदगी में उन्हें सामाजिक दबाव, लैंगिक भेदभाव और अपनी पहचान के लिए संघर्ष करने वाली एक ऐसी महिला की कहानी दिखाई दी, जिसने अपनी कथित कमजोरी को ताकत में बदल दिया.'
निर्माताओं में ज्योति देशपांडे, आकाश चावला, अरुणव सेनगुप्ता और अमित चंद्रा शामिल हैं. फिल्म को टोक्यो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल और पाम स्प्रिंग्स इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल जैसे अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में भी जगह मिल चुकी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं