टीवीएफ की सीरीज पंचायत इन दिनों अपने सीजन-5 को लेकर चर्चा में है. सीरीज का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है जिसे सोशल मीडिया पर काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. इस बीच सोशल मीडया पर एक और वीडियो आया है. इसके बाद पंचायत एक बार फिर चर्चा में है लेकिन इस बार चर्चा थोड़ा नेगेटिव है. दरअसल एक सोशल मीडिया यूजर ने पंचायत की शूटिंग के बाद गांव के हालात दिखाए हैं. गांव में जगह जगह फैली गंदगी दिखाते हुए उस शख्स ने दिखाया कि कैसे काम खत्म होते ही वहां की सूरत ऐसी हो गई.
शिवम चौधरी नाम के एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने गांव का वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, पंचायत की शूटिंग खत्म हो गई. पर अपने पीछे ये क्या छोड़ गए? इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स के बहुत ही अलग अलग रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं. एक ने लिखा, मंजू देवी के राज में ऐसा नहीं होता था और दो बनराकस को वोट. वहीं एक यूजर ने द वायरल फीवर को टैग करते हुए लिखा कि आपसे ये उम्मीद नहीं थी. सोशल मीडिया पर किसी ने वीडियो पुराना होने का दावा किया तो वीडियो शेयर करने वाले इन्फ्लुएंसर ने साफ किया कि यह वीडियो 24 नवंबर 2026 का है. यह वीडियो कब का है यह तो साफतौर पर नहीं कहा जा सकता है लेकिन इतना साफ है कि इससे सोशल मीडिया यूजर्स को कमेंट करने के लिए खूब मसाला मिल गया है.
बता दें कि पंचायत का पांचवा सीजन 4 दिसंबर को अमेजन प्राइम पर रिलीज होने वाला है. ट्रेलर से ऐसा लग रहा है कि और तमाम मुद्दों से अलग इस बार का फोकस सचिव जी और रिंकी की लव स्टोरी पर भी रहेगा और आखिरकार वह रिश्ता मांगने प्रधान जी के घर पहुंचेंगे. अब शादी इस सीजन में अंजाम लेगी या इसके लिए फिर छठे सीजन का इंतजार करना पड़ेगा ये साफ नहीं है.
यह भी पढ़ें: बॉक्स ऑफिस पर फिर फटेगा शाहरुख खान के एंटरटेनमेंट का बम! तीन साल पहले इस जोड़ी ने दी थी 1000 करोड़ की फिल्म
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं