बॉलीवुड अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत पर छात्रों को 'गटर' कहने के आरोप को लेकर एक्टर सोनू सूद ने प्रतिक्रिया दी है. सोनू ने कहा कि ऐसी बातें बोलने से पहले सोचना चाहिए.
सोनू सूद ने कहा, "आपका प्रोफेशन चाहे जो भी हो, आपका अस्तित्व तभी तक मायने रखता है जब तक लोग आपसे जुड़ते हैं. मैं यही कहना चाहूंगा कि हमारी जो युवा पीढ़ी है, वो देश का भविष्य है. हमें उन्हें सुनना जरूर चाहिए, उनका साथ देना चाहिए."
सोनू बोले, "कई बार ऐसे प्रदर्शनों में बहुत सारे ऐसे एलिमेंट्स आ जाते हैं, जो उनका एक्चुअल असली मुद्दा है, उसको भटकाने के लिए माहौल खराब करते हैं. मैं कहूंगा कि उनसे बचकर चलना चाहिए. जो भी आपके दिल में है उसे आप बताएं और मुझे विश्वास है कि सरकार भी देश की भलाई के लिए ही काम कर रही है."
'ये युवा ही आपको इस मुकाम पर पहुंचाते हैं'
कंगना रनौत के युवाओं को 'गटर' कहने वाले विवादित बयान पर सोनू सूद ने कहा, "मैंने उनका बयान नहीं सुना है. लेकिन मुझे लगता है कि ये जितने युवा लोग हैं, वही एक्टर्स बनाते हैं, वही आपको इस मुकाम तक पहुंचाते हैं."
सोनू ने कहा,"जब तक वो आपके साथ रहेंगे तो आप रहेंगे, अगर वो नहीं रहेंगे तो फिर तकलीफ होगी. इसलिए सबको साथ लेकर चलना चाहिए. आपका प्रोफेशन कोई भी हो, आप एक्टर हैं, डॉक्टर हैं या कोई भी हैं, लेकिन जब तक लोग आपके साथ जुड़े हैं, तब तक आपका जो अस्तित्व है, वो इस दुनिया के अंदर मायने रखता है."
तोल मोल के बोलना बड़ा जरूरी है: सोनू सूद
लेकिन रिपोर्टर ने जब बताया कि कंगना ने Gen-Z को 'गटर' कहा है तो सोनू बोले, "अगर ऐसा कहा है तो मुझे लगता है कि यह बहुत शर्मनाक बात है, ऐसा नहीं कहना चाहिए था. ऐसे ही नहीं बोलते कि 'तोल मोल के बोल', बड़ा जरूरी है कि आप सोच समझ के बोलें क्योंकि जो जनता है, वो ही ईश्वर का दूसरा रूप है."
कंगना ने क्या कहा था?
छात्र प्रदर्शन और ‘चलो संसद' मार्च के बाद सोशल मीडिया पर नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों वाले वीडियो वायरल हुए थे. इस दौरान ही कंगना ने कहा था कि उन्होंने कभी किसी प्रदर्शन में इतनी अभद्र भाषा और व्यवहार नहीं देखा था और कुछ प्रदर्शनकारियों को ‘जनरेशन गटर' बताया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं