विज्ञापन
This Article is From Oct 20, 2025

बच्चन परिवार की दीपावली पार्टी में जब शाहरुख खान ने बचाई थी एक शख्स की जान, ऐश्वर्या राय से था खास कनेक्शन

बच्चन परिवार की दीपावली पार्टी में देश की हर बड़ी हस्ती मौजूद थी. राजनीति, खेल और फिल्म जगत का हर कोना 'जलसा' में सिमट आया था. इसी पार्टी में शाहरुख खान किसी के लिए बहुत मददगार साबित हुए थे.

बच्चन परिवार की दीपावली पार्टी में जब शाहरुख खान ने बचाई थी एक शख्स की जान, ऐश्वर्या राय से था खास कनेक्शन
दिवाली पार्टी में किसी के मसीहा बने थे शाहरुख खान
Social Media
नई दिल्ली:

बॉलीवुड की दीपावली पार्टियां सिर्फ ग्लैमर, महंगी सजावट और 'तीन पत्ती' के खेल तक सीमित नहीं होतीं. ये बॉलीवुड के सबसे बड़े सितारों के रिश्तों, कॉम्पिटीशन और कभी-कभी, उनकी सच्ची इंसानियत का भी मंच बन जाती हैं. हर साल की तरह 2019 में भी अमिताभ बच्चन के घर 'जलसा' पर इंडस्ट्री का सबसे ग्रैंड दीवाली मिलन समारोह आयोजित हुआ था. इस रात जहां पूरा बॉलीवुड रोशनी की चकाचौंध में डूबा था, वहीं एक भयानक हादसा होते-होते बचा. यह किस्सा है उस रात का जब शाहरुख खान ने एक सच्चा हीरो बनकर एक भयानक आग दुर्घटना में एक जान बचाई.

बच्चन परिवार की दीपावली पार्टी में देश की हर बड़ी हस्ती मौजूद थी. राजनीति, खेल और फिल्म जगत का हर कोना 'जलसा' में सिमट आया था. आतिशबाजी, हंसी और संगीत के बीच, आंगन में दीयों की असंख्य कतारें सजी थीं. पार्टी के दौरान ऐश्वर्या राय बच्चन की मैनेजर अर्चना सदानंद मेहमानों से बात कर रही थीं. इसी बीच उनका भारी और डिजाइनर लहंगा आंगन में रखे एक जलते हुए दीए के संपर्क में आ गया. लहंगा रेशम का था, इसलिए वह तेजी से जलने लगा. अचानक लगी इस आग को देखकर पार्टी में मौजूद मेहमानों में दहशत फैल गई.

जब हर कोई स्तब्ध था, तब अभिनेता शाहरुख खान ने फुर्ती और सूझबूझ का परिचय दिया. बिना एक पल की देरी किए, शाहरुख ने तेजी से अर्चना की ओर छलांग लगाई. उन्होंने अपनी जैकेट उतारी और तुरंत जलते हुए लहंगे पर लपेट दी. उन्होंने तब तक आग को बुझाने की कोशिश की, जब तक वह पूरी तरह से शांत नहीं हो गई.

इस प्रक्रिया में अर्चना सदानंद की जान तो बच गई, लेकिन शाहरुख खान भी आग की वजह से कई जगह जल गए. हालांकि, उन्होंने इस चोट के बारे में किसी को नहीं बताया और यह सुनिश्चित किया कि अर्चना को तत्काल मेडिकल सहायता मिले. शाहरुख खान की इस दिलेरी की जानकारी अगले दिन तब सामने आई, जब फिल्मकार फराह खान ने एक ट्वीट में इस घटना का जिक्र किया और शाहरुख को प्यार से ‘मोहब्बत-मैन टू द रेस्क्यू' का खिताब दिया.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shah Rukh Khan, Shah Rukh Khan Instagram, Shah Rukh Khan Movies, Shah Rukh Khan News, Diwali Party
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com