सावन का महीना इस साल 30 जुलाई से शुरू हो जाएगा. ये भगवान शिव की भक्ति के लिए सबसे पवित्र महीना माना जाता है. इस दौरान मंदिरों में बम-बम भोले के जयकारे गूंजते हैं, कावड़ यात्रा निकलती है और हर घर में भगवान शिव के गीत बजते हैं. अगर आप भी इस महीने भोले बाबा की भक्ति में डूबना चाहते हैं, तो पहले से ही भोलेनाथ के भजनों की प्लेलिस्ट तैयार कर लें. भगवान शिव के कई ऐसे भजन हैं जो हर साल करोड़ों बार सुने जाते हैं. यूट्यूब पर भी इनके व्यूज करोड़ों मे हैं. आइए जानते हैं भोले बाबा के सबसे फेमस और सबसे ज्यादा सुने जाने वाले भजनों के बारे में. जिनको आप अभी से अपनी प्लेलिस्ट में शामिल कर सकते हैं.
1. हर हर शंभू
अभिलिप्सा पांडा और जीतू शर्मा की आवाज में गाया गया 'हर हर शंभू' साल 2022 में यूट्यूब पर रिलीज हुआ था. इस गाने को 27.8 करोड़ व्यूज मिल चुके हैं. ये बीते कुछ सालों से सबसे ज्यादा वायरल होने वाले शिव भजनों में से एक है.
2. शिव तांडव स्तोत्र
10 साल पहले शंकर महादेवन की आवाज में आया शिव तांडव स्त्रोत भी इस लिस्ट में शामिल होने के लिए पकफेक्ट है. इसकी दमदार धुन और संस्कृत श्लोक इस गाने के बजते ही शरीर में एक ऊर्जा भर देते हैं.
3. बम लहरी
कैलाश खेर की दमदार आवाज में गाया गया 'बम लहरी' आज से 12 साल पहले आया था. इस गाने को यूट्यूब पर 21.9 करोड़ व्यूज मिल चुके हैं. सावन और महाशिवरात्रि के दौरान यह गाना खूब बजाया जाता है.
4. पार्वती बोली शंकर से
हंसराज रघुवंशी की आवाज में गाया ये गाना शिव और पार्वती के प्यार को दर्शाता है. ये गाना 2022 में आया था, इसको अब तक 70.7 करोड़ व्यूज मिल चुके हैं.
5. मेरा भोला है भंडारी
'मेरा भोला है भंडारी' एक फेमस शिव भजन है, जिसे हंसराज रघुवंशी ने गाया है. ये गाना साल 2019 में आया था. इस गाने को अब तक यूट्यूब पर 31.7 करोड़ व्यूज मिले हैं.
6. नमो-नमो
साल 2018 में आई सारा अली खान और सुशांत सिंह राजपूत की फिल्म केदारनाथ का गाना नमो-नमो भी शिव भक्तों की पहली पसंद बना था. इस गाने को यूट्यूब पर 100 करोड़ व्यूज मिल चुके हैं.
7. शिव समा रहे हैं
हंसराज का शिव भजन शिव समा रहे हैं भी लोगों के बीच काफी फेमस हुआ था. इस गाने को यूट्यूब पर 11.1 करोड़ व्यूज मिल चुके हैं.
8.हे शंभू बाबा मेरे भोलेनाथ
गुलशन कुमार की आवाज में गाया ये शिव भजन आज भी उतना ही पसंद किया जाता है. इसके बोल और सरल धुन इसे और खास बनाते हैं.
9. शिव शंकर को जिसने पूजा
पुराने लेकिन सदाबहार शिव भजनों में शामिल यह गीत आज भी हर शिव मंदिर और धार्मिक आयोजन में सुनाई देता है.
10. मन मेरा मंदिर, शिव मेरी पूजा
अनुराधा पोडवाल की आवाज में गाया गया ये शिव भजन सालों बाद भी लोगों के मन में भक्ति जगा देता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं