बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान इंग्लैंड टूरिज्म का प्रचार करेंगे। इसके लिए सैफ को इंग्लैंड नेशनल टूरिज्म एजेंसी ने सोमवार को अपना ब्रैंड एम्बेसडर नियुक्त किया है। सैफ अली खान 'विजिट ब्रिटेन' का प्रचार करेंगे और बॉलीवुड ब्रिटेन कैंपेन चलाएंगे।
सैफ अली खान को ब्रैंड एम्बेसडर बनाने के बाद एजेंसी को उम्मीद है की यह नई कैंपेन लोगों को और भारतीय टूरिस्ट को ज़्यादा आकर्षित करेगा और घूमने फिरने जाने वाले लोग वहां ज़्यादा मौज मस्ती कर सकेंगे क्योंकि सैफ वेल्स, स्कॉटलैंड जैसी कई ऐसी सुन्दर जगहों का प्रचार करेंगे।
ब्रैंड एम्बेसडर बनाए जाने पर सैफ अली खान ने कहा कि वह अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस देश के साथ मेरी बेहतरीन यादें जुड़ी हैं। फिर वह चाहे उनकी फिल्मों की शूटिंग की यादें हों, उनकी पढ़ाई के दिनों की यादें हों या ख़ास छुट्टियों के लिए बिताए हुए पल।
इस मौके पर सैफ ने कहा, 'मैं बहुत खुश हूं क्योंकि मैं इंडिया और इंग्लैंड से प्यार करता हूं। हमने कई बेहतरीन फिल्मों की शूटिंग लंदन में की है। मैंने अपनी ज़िन्दगी के अनमोल और हसीन पल वहां गुज़ारे हैं। इंग्लैंड एक सुन्दर देश है, जहां आप बहुत मज़े कर सकते हैं। वहां की हसीन रातों के मज़े ले सकते हैं। मतलब यह कि इंग्लैंड में खूब मज़े कर सकते हैं जो आपके लिए यादगार होगा।'
सैफ से पहले अमिताभ बच्चन गुजरात टूरिज्म का प्रचार कर चुके हैं, वहीं आमिर खान भारत को प्रोमोट कर रहे हैं, तो अक्षय कुमार कनाडा और दिया मिर्ज़ा जापान का प्रचार कर चुकी हैं।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं