'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर धुआंधार कमाई कर रही है. वहीं इस फिल्म की सफलता ने न सिर्फ भारत में चर्चा छेड़ दी है, बल्कि सीमा पार से भी प्रतिक्रियाएं आ रही है. पाकिस्तानी राजनेता नबील गबोल ने इस फिल्म की खुलकर आलोचना की है. खासकर राकेश बेदी द्वारा निभाए गए जमील जमाली के किरदार पर उन्होंने आपत्ति जताई है. दरअसल, ऐसा माना जा रहा है कि यह किरदार उन्हीं से प्रेरित है. फिल्म का पहला पार्ट रिलीज होने के बाद उन्होंने खुद ही कहा था कि ये किरदार उनसे इंस्पायर्ड लगता है.
नबील गलोब की नाराजगी
फिल्म पर प्रतिक्रिया देते हुए गबोल का एक वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें उन्होंने अपनी निराशा और नाराजगी जाहिर करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है. अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि वह इस बात से खुश नहीं हैं कि उन्हें स्क्रीन पर किस तरह दिखाया गया है, और उन्होंने इस किरदार की प्रामाणिकता पर सवाल उठाया.
गबोल ने कहा कि उनके कैरेक्टर को सही तरीके से नहीं दिखाया गया. उनका कहना है की उनकी छवि एक 'बाहुबली' नेता वाली रही है. जबकि फिल्म में जमील जमाली को चापलूस टाइप दिखाया गया है. ऐसे में उनका कहना है कि फिल्म उनके दबंग अंदाज को सही से नहीं दिखा पाई है. इसके बजाय, उन्होंने दावा किया कि यह किरदार कमजोर और कभी-कभी तो फनी भी लगा है.
उन्होंने इस बात पर भी आपत्ति जताई कि ल्यारी एक ऐसा इलाका जो उनके राजनीतिक करियर से काफी करीब से जुड़ा है, लेकिन इस फिल्म में जिस तरह दिखाया गया है वह गलत है. उनके मुताबिक, फिल्म की कहानी इस इलाके को हिंसा और आतंक का अड्डा दिखाती है, जबकि ये इलाका ऐसा नहीं है. साथ ही उन्होंने कहा कि कोई भी इस तरह से आकर पाकिस्तान से बच कर नहीं जा सकता.
राकेश बेदी ने दी सफाई
आपको बता दें कि कि राकेश बेदी ने पहले भी इसी तरह के दावों पर सफाई देते हुए कहा था कि उन्होंने अपना किरदार किसी एक खास व्यक्ति पर आधारित नहीं बनाया है. उन्होंने साफ किया कि जमील जमाली एक काल्पनिक किरदार है, न कि गबोल या किसी अन्य असल जिंदगी के व्यक्ति का सीधा चित्रण है. इधर आलोचना के बावजूद फिल्म जबरदस्त कमाई कर रही है. महज 5 दिनों में फिल्म ने करीब 500 करोड़ का बिजनेस कर लिया है और अब भी एडवांस बुकिंग जारी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं