कभी-कभी पुराने गानों की सबसे खास बात यही होती है कि उन्हें सुनने के लिए किसी खास मौके की जरूरत नहीं पड़ती. धुन शुरू होते ही माहौल अपने आप बदल जाता है और चेहरे पर मुस्कान आ जाती है. 90 के दशक के ऐसे ही कई गाने आज भी लोगों की प्लेलिस्ट में टिके हुए हैं. खासकर जब मस्ती, दोस्ती और पार्टी का मूड हो, तो इन गानों की बात ही अलग होती है. एक ऐसा ही गाना है. जिसे सुनते ही लोग थिरकने पर मजबूर हो जाते हैं और जिसके अंदाज में आज भी वही पुरानी मस्ती नजर आती है.
‘तिरंगा' मस्ती से भरपूर गाना
बात हो रही है 1993 में आई फिल्म ‘तिरंगा' के गाने ‘पी ले पी ले ओ मोरे राजा' की. फिल्म में राज कुमार और नाना पाटेकर जैसे दिग्गज कलाकार मुख्य भूमिका में थे. फिल्म देशभक्ति, एक्शन और ड्रामा से भरपूर थी. लेकिन इस गाने ने कहानी के बीच एक अलग ही रंग भर दिया. गाने को मोहम्मद अजीज और सुदेश भोसले ने अपनी आवाज दी थी. इसका संगीत मशहूर जोड़ी लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने तैयार किया. जबकि बोल संतोष आनंद ने लिखे थे. गाने में 90 के दशक की वही चटपटी और खुलकर मस्ती करने वाली फील है. जो उस दौर के पार्टी गीतों की पहचान हुआ करती थी. इस गाने की खासियत ये भी है कि इसमें नाना पाटेकर और राज कुमार जैसे सीरियस और दमदार कलाकारों का बिल्कुल अलग अंदाज देखने को मिलता है. दोनों की मौजूदगी गाने को और मजेदार बना देती है.
आज भी यूट्यूब पर करोड़ों बार देखा जा रहा है
समय भले ही बदल गया हो, लेकिन इस गाने की पॉपुलेरिटी कम नहीं हुई. यूट्यूब पर ‘पी ले पी ले ओ मोरे राजा' को करोड़ों व्यूज मिल चुके हैं. जुलाई 2023 में शेयर किए गए इसके वीडियो ने अब तक 8.9 करोड़ से ज्यादा व्यूज हासिल कर लिए हैं. यानी 90 के दशक का ये गाना आज की पीढ़ी को भी अपनी तरफ खींच रहा है. ‘तिरंगा' खुद भी अपने दौर की बड़ी हिट फिल्मों में शामिल रही थी. राज कुमार और नाना पाटेकर की दमदार अदाकारी ने इसे खास पहचान दिलाई. फिल्म की कहानी में देशभक्ति और एक्शन का जोर था. लेकिन ऐसे गानों ने इसमें एंटरटेनमेंट का तड़का भी लगाया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं