धुरंधर में अपनी दमदार एक्टिंग से लोगों का दिल जीतने वाले आर माधवन असल जिंदगी में भी कुछ ऐसा कर चुके हैं, जिसे जानकर शायद आप भी हैरान रह जाएंगे. जहां ज्यादातर सितारे शूटिंग और ग्लैमर में बिजी रहते हैं, वहीं माधवन ने खेती में दिल लगाया. उन्होंने पहले मुंबई स्थित अपने घर की छत पर टमाटर उगाकर लोगों को चौंकाया और फिर तमिलनाडु की एक सूखी और बंजर जमीन को तीन साल की मेहनत से हरे-भरे नारियल के खेत में बदल दिया. उनकी ये कहानी अब लोगों के बीच खूब चर्चा में है और खेती करने वालों के लिए भी एक बड़ी मिसाल बन गई है. बता दें कि बेटे के स्विमिंग करियर को बनाने की खातिर आर. माधवन दुबई में रहते हैं.
3 साल की मेहनत लाई बड़ा बदलाव
माधवन ने तमिलनाडु के पलानी इलाके में एक सूखी जमीन पर खेती शुरू की. उन्होंने जल्दबाजी नहीं की, बल्कि हर कदम सोच-समझकर उठाया. करीब तीन साल तक लगातार मेहनत और नए तरीके अपनाने के बाद वही जमीन नारियल के पेड़ों से भर गई. खेत में खास किस्म के देसी नारियल लगाए गए, जो अपनी मिठास और खुशबू के लिए जाने जाते हैं.
ये भी पढ़ें- मुंबई छोड़ उतराखंड के पुश्तैनी घर और खेतों में वक्त बिता रही हैं हिमानी शिवपुरी, दिखाई काफल और बेरू की झलक
सोशल मीडिया पर दिखाई थी झलक
साल 2020 में माधवन ने सोशल मीडिया पर इस खेती की तस्वीरें और जानकारी शेयर की थी. उन्होंने बताया था कि ये प्रोजेक्ट पूरा हो गया है और नतीजा देखकर उन्हें बहुत खुशी हुई. उन्होंने ये भी कहा था कि इस काम से जो एक्सपीरियंस मिला, उसे वो दूसरे किसानों के साथ भी शेयर करना चाहते हैं ताकि ज्यादा लोग इसका फायदा उठा सकें.
हर दिन कुछ नया सीखते गए
माधवन ने एक इंटरव्यू में बताया था कि खेती उनके लिए सिर्फ फसल उगाने का काम नहीं था. जमीन तैयार करने से लेकर सही तरीके से देखभाल करने तक हर दिन उन्हें कुछ नया सीखने का मौका मिला. माधवन ने कहा कि खेत की सही देखभाल, समय पर पानी देना और हर काम पर ध्यान रखने से ही बंजर जमीन धीरे-धीरे हरे-भरे खेत में बदल गई.
मुंबई की छत पर भी करते हैं बागवानी
कोरोना लॉकडाउन के दौरान भी माधवन ने अपने घर की छत पर बनी छोटी सी किचन गार्डन की झलक दिखाई थी. उन्होंने वहां टमाटर समेत कई पौधे लगाए थे. उनका मानना है कि अगर जगह छोटी भी हो, तब भी लोग अपनी जरूरत की कुछ सब्जियां और फल खुद उगा सकते हैं. यही सोच उन्हें खेती से हमेशा जोड़े रखती है.
मौजा ही मौजा गाने में पंजाबी ही नहीं असमिया भी हैं लिरिक्स, 19 साल बाद बार-बार सुनकर भी नहीं कर पाएंगे यकीन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं