तमिलनाडु की राजनीति इस समय एक तनावपूर्ण और अनिश्चित दौर से गुजर रही है, क्योंकि अभिनेता से राजनेता बने थलपति विजय की पार्टी, 'तमिलगा वेट्री कजगम' (TVK) सरकार बनाने के लिए जरूरी संख्या जुटाने में संघर्ष कर रही है. 234 सदस्यों वाली विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरने के बाद भी TVK अभी भी बहुमत के आंकड़े से पीछे है. थलपति विजय तीन बार राज्यपाल से मिल चुके हैं लेकिन ये तय नहीं हो पाया है कि वह कब शपथ ले सकेंगे.
क्या है सीटों का गणित?
तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए किसी भी पार्टी को 118 सीटों की जरूरत होती है. हाल ही में हुए चुनावों में, TVK ने 108 सीटें जीतकर राज्य की सबसे बड़ी पार्टी का दर्जा हासिल किया. कांग्रेस ने अपने पांच विधायकों के साथ समर्थन दिया है, जबकि CPI और CPI(M) ने अपने-अपने दो विधायकों के साथ बिना किसी शर्त के बाहरी समर्थन दिया है, लेकिन अब भी एक विधायक की कमी है. वीसीके का समर्थन पत्र मिलने पर टीवीके के पास 119 विधायक हो जाएंगे.
विजय के समर्थन में उतरे प्रकाश राज
टाइम्स नाउ से बात करते हुए विजय के को-स्टार प्रकाश राज ने कहा कि गवर्नर जो कर रहे हैं वो ठीक नहीं है. उन्होंने कहा, 'मैं पूछता हूं कि क्या होगा अगर सदन के फ्लोर पर 20 लोग वोटिंग से दूर रहें? क्या होगा अगर जरूरी नंबर कम हो जाए? क्या होगा अगर कोई विपक्षी पार्टी विजय को सपोर्ट न करना चाहे, और वे बस वॉक आउट कर जाएं? हमें एक सरकार चाहिए. यह तय करने वाले वे (गवर्नर) कौन होते हैं? यह अधिकार लोगों के पास है. हम संविधान को मानते हैं.'
प्रकाश ने आगे कहा, ‘चुनाव नतीजों को आए पांच दिन हो चुके हैं. आम लोग इंतजार कर रहे हैं. ये MLA लोगों के चुने हुए प्रतिनिधि हैं. उन्हें सदन के फ्लोर पर फैसला करने दीजिए. गवर्नर कौन होते हैं फैसला करने वाले? आप एक चुने हुए गवर्नर हैं. आप चुने हुए प्रतिनिधि नहीं हैं. चुनाव हुआ है. चुनाव खत्म हो चुका है. एक जनादेश है.'
होर्स ट्रेडिंग का डर
प्रकाश राज ने कहा कि देर होने से विधायकों के खरीद फरोख्त का डर होता है. उन्होंने कहा कि गवर्नर को इन चीजों को आसान करना चाहिए, वो मसले को उलझा रहे हैं. इस तरह देर से हॉर्स ट्रेडिंग का खतरा बढ़ जाता है. ये सही नहीं है, आप विजय को कब तक रोकेंगे. हमें एक डेडलाइन चाहिए, आखिर कितनी देर करेंगे वो.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं